11jjrp01- बैठक को संबोधित करते जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह। स्रोत : शिक्षा विभाग
- फोटो : पूर्व हवलदार एवं दिव्यांग राजेश कुमार मलिक।
झज्जर। जिले के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत जिला निपुण समन्वयक डॉ. सुदर्शन पुनिया ने की। उन्होंने वर्तमान सत्र की छात्र संख्या की तुलना पिछले सत्र से करते हुए बालवाटिका में अधिक दाखिले बढ़ाने पर जोर दिया।
जिला परियोजना समन्वयक अनिल शर्मा ने प्राचार्यों को पाठ्यपुस्तकों के वितरण की स्थिति अपडेट करने और यू-डाइस कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला ने पुस्तकालय से पुस्तकों के नियमित वितरण, स्कूलों में स्वच्छता, छात्रों की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन को निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार करने पर बल दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह ने विज्ञान प्रयोगशालाओं के बेहतर उपयोग, खेल गतिविधियों के आयोजन, डिजिटल पैनलों के नियमित संचालन और छात्राओं को दिए जाने वाले दूध एवं प्रोटीन बार का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आरटीई एक्ट-2009 के तहत किसी भी छात्र को दस्तावेजों के अभाव में प्रवेश से वंचित न करने तथा एमआईएस प्रोफाइल अपडेट रखने पर भी जोर दिया। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी बहादुरगढ़ से शेर सिंह, बेरी से रोहताश दहिया, झज्जर से सुनीता देवी, मातनहेल से सुरेशपाल सुहाग, साल्हावास से जयपाल दहिया उपस्थित रहें।