सामान्य बस स्टैंड की सफाई करते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। जिले में स्थित सभी सरकारी कार्यालयों में शनिवार का दिन स्वच्छता पर केंद्रित रहा। डीसी श्याम लाल पूनिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में शनिवार को कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। डीसी ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखते हुए जहां बीमारियों से दूरी बनेगी वहीं सुखद माहौल में व्यवहार कुशलता के साथ अधिकारी व कर्मचारी अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिले में आगामी एक अक्तूबर से शुरू हो रहे स्वच्छ झज्जर अभियान में जिले के प्रत्येक व्यक्ति को भागीदारी निभानी है। ऐसे में इस पुनीत अभियान को सफल बनाने के लिए सबसे पहले स्वयं प्रशासन आगे आकर स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार का दिन कार्यालय स्वच्छता को समर्पित किया गया। जिला मुख्यालय पर स्थित सभी कार्यालयों में संबंधित विभागाध्यक्ष की मौजूदगी में कर्मचारियों ने स्वच्छता प्रहरी बनते हुए पूरी सजगता के साथ सफाई अभियान में आहुति डाली।
शनिवार को सचिवालय स्थित डीसी कार्यालय, एडीसी कार्यालय, डीआरडीए, डीएमसी, एसडीएम झज्जर कार्यालय, राजस्व विभाग से संबंधित कार्यालयों, डीआईपीआरओ कार्यालय, शिक्षा विभाग सहित रोडवेज डिपो परिसर व जिला में स्थित अन्य सरकारी कार्यालयों में दिन भर कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाया। जिला नगर आयुक्त एवं सीईओ जिला परिषद प्रदीप कौशिक ने बताया कि एक से 31 अक्तूबर तक स्वच्छ झज्जर मुहिम के तहत पूरे जिले को स्वच्छता संवाहक के रूप में हर वर्ग की ओर से कवर किया जाएगा।