झज्जर। शहर के सांपला रोड पावर हाउस के फीडर नंबर 5 व 6 की मरम्मत के कार्यों के चलते आधे शहर व 4 गांव की बिजली आपूर्ति 4 घंटे तक प्रभावित रही। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं फीडरों की मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद भी अनेक बार बिजली के कट लगे। गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी।
बिजली निगम की ओर से जिले के 315 फीडरों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। बिजली निगम के 11 उपमंडलों के एसडीओ को बिजली निगम की तरफ से आदेश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द फीडरों की मरम्मत का कार्य पूरा किया जाए। इस कार्य के चलते शहर के सिटी नंबर 5 व 6 फीडर पर बिजली निगम की तरफ से मरम्मत का कार्य किया गया है। निगम की तरफ से बिजली की लाइनों के फ्यूज, जंपर, डिस्क, इंश्यूलेटर आदि बदलने का कार्य किया गया। जबकि टेढ़े खंभों को भी ठीक किया गया।
इन क्षेत्रों की बिजली रही प्रभावित
सांपला रोड पर स्थित 33 केवीए पावर हाउस से निकलने वाले सिटी नंबर 5 फीडर के अंतर्गत शहर के डाकखाना मैदान, डायमंड चौक, छारा चुंगी, बेरी गेट, सांपला रोड, गाजी कमाल मंदिर कॉलोनी, आंबेडकर चौक आदि क्षेत्रों की बिजली प्रभावित रही। वहीं सिटी नंबर 6 के अंतर्गत नेहरू कॉलेज, बहु तकनीकी संस्थान, सुमन विला सहित बहादुरगढ़ रोड के आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 4 घंटे तक बंद रखी गई। बिजली निगम की तरफ से सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक पावर कट लगाया गया है। बिजली के कटों के कारण लोगों के दिनचर्याो के कार्य भी प्रभावित रहे और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा ।
वर्जन
बिजली निगम की तरफ से फीडरों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। जिसके कारण पावर कट लगाने पड़ रहे हैं। बिजली निगम का प्रयास है कि जब तक मौसम ठंडा रहता है, उस समय तक लाइनों की मरम्मत का कार्य किया जाए। ताकि लोगों को अधिक परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
अनिल कुमार, जेई, बिजली निगम झज्जर।