साल्हावास। बिजली बिल अदा न करने वालों पर बिजली विभाग लगातार शिकंजा कस रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में एवं सरकारी कार्यालयों में बिल अदा न करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। मातनहेल तहसील कार्यालय ने लगभग एक साल तक बिजली का बिल अदा नहीं किया। इसके कारण बिजली निगम ने तहसील कार्यालय को डिफाल्टर घोषित कर दिया। बुधवार को तहसील कार्यालय का कनेक्शन काट दिया गया। बिजली कनेक्शन कट जाने के कारण तहसील कार्यालय में कंप्यूटरों से किए जाने वाले कार्य ठप हो गए।
बताया जाता है कि बिजली गुल होने से तहसील परिसर में आने वाले लोग परेशान होने लगे। इसके कारण तहसील कार्यालय में अधूरे कार्यों की लंबी सूची होने लगी। तहसीलदार ने लिखित में बिजली निगम को एक सप्ताह का समय मांगा और बिजली बिल अदा करने का आश्वासन दिया। तहसीलदार कार्यालय की ओर से लिखित में बिजली बिल अदा करने के प्रार्थना पत्र पर बिजली निगम ने तहसील कार्यालय का बिजली कनेक्शन जोड़ा। इसके बाद सप्लाई को चालू कर दिया। मातनहेल तहसील कार्यालय का बकाया बिल दो लाख बाइस हजार है। वहीं साल्हावास उप तहसील भी इस मामले में मातनहेल तहसील के नक्शे कदम पर चल रही है। साल्हावास उप तहसील का बकाया बिल दो लाख बारह हजार रुपये है।
वर्जन :
बिजली बिल न भरने के कारण मातनहेल तहसील का बुधवार को कनेक्शन काट दिया गया था। वीरवार सुबह मातनहेल तहसील कार्यालय का बिजली कनेक्शन दोबारा से जोड़ दिया गया है। तहसील कार्यालय से लिखित में एक सप्ताह का समय लिया गया है। जिसके बाद बिजली की सप्लाई चालू की गई। - राजेश कुमार, बिजली निगम, मातनहेल।