मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा मतदान केंद्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना पुलिस पार्टी का प्रथम कार्य है। जिले में 21 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। मतदान के दौरान अगर किसी भी बूथ पर किसी तरह का विवाद हो तो संबंधित अधिकारियों व टीम इंचार्ज को तुरंत सूचना दें ताकि स्थिति पर समय रहते काबू पाया जा सके। चुनाव हर हाल में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक हो तथा प्रत्येक मतदाता बिना किसी दबाव अथवा भय के अपना मत स्वेच्छा से डाल सके, यह सुनिश्चित किया जाए। चुनाव संबंधी उपरोक्त दिशा निर्देश रविवार को एसएसपी अशोक कुमार द्वारा चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मचारियों एवं अर्ध सैनिक बल के जवानों तथा अधिकारियों को दिए गए। एसएसपी अशोक कुमार ने रविवार को राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय झज्जर में जिले के झज्जर व बादली विधानसभा, बहादुरगढ़ विधानसभा के लिए राजकीय महाविद्यालय बालोर रोड बहादुरगढ़ तथा बेरी विधानसभा के लिए किसान सदन पशु हॉस्पिटल कैंपस झज्जर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस के जवानों को तथा केंद्रीय सशस्त्र बल की टुकड़ियों को आवश्यक हिदायतें व दिशा निर्देश दिए। वहीं चुनाव के दौरान रिजर्व पुलिस बल में तैनात पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवानों को पुलिस लाइन झज्जर में चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पेट्रोलिंग पार्टी रहें अलर्ट
एसएसपी ने कहा कि बूथों पर सुरक्षा के अलावा जगह-जगह नाकों सहित अनेक पेट्रोलिंग पार्टियों को भी तैनात किया गया है। किसी प्रकार की व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए केंद्रीय सशस्त्र बल की टुकड़ियों सहित स्थानीय पुलिस के जवानों को विधानसभा क्षेत्र के अनुसार रिजर्व में रखा गया। पेट्रोलिंग पार्टियां कुछ ही समय के अंतराल में बार-बार प्रत्येक मतदान केंद्र पर पहुंचकर हर प्रकार की परिस्थितियों पर कड़ी नजर रखेंगी। उन्होंने चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों को निष्पक्ष एवं श्रेष्ठ ड्यूटी करके विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया।