21 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर झज्जर जिले के चार विधानसभा क्षेत्र बहादुरगढ़, बादली, झज्जर व बेरी के रिटर्निंग अधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों पर चुनाव सामग्री के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ईवीएम-वीवीपैट मशीनें व अन्य चुनाव सामग्री की किट लेकर पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए दोपहर तक रवाना हुई। जिले में 802 मतदान केंद्रों पर 3848 पोलिंग स्टाफ सोमवार को मतदान करवाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून के मार्गदर्शन में झज्जर जिले के चारों रिटर्निंग ऑफिसर ने व्यवस्थापूर्ण ढंग से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया।
बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों के लिए बहादुरगढ़ स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय परिसर से, बादली विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों को झज्जर के राजकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर, झज्जर विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों को राजकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर तथा बेरी विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों को झज्जर के किसान सदन परिसर से रवाना किया गया। बहादुरगढ़ के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम तरुण पावरिया, बादली के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम विशाल कुमार, झज्जर के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम शिखा व बेरी के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. राहुल नरवाल ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में पोलिंग पार्टी पूरी जिम्मेवारी के साथ अपना दायित्व निभाएं और चुनाव प्रक्रिया शांतिप्रिय ढंग से संपन्न कराने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। रिटर्निंग अधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से मतदान करवाएं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सभी प्रत्याशी एक समान हैं और हमें न तो किसी का पक्ष लेना है और न ही किसी से भेदभाव करना है। उन्होंने कहा कि यहां से ईवीएम व चुनाव सामग्री लेकर सभी पोलिंग पार्टियों को सीधे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाना है और रात को मतदान केंद्र पर ही सोना है।
सुबह छह बजे होगा मॉक पोल
रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि 21 अक्तूबर को सुबह 6 बजे मॉक पोल करवाया जाएगा, जिसमें पोलिंग एजेंट भी शामिल हों। मॉक पोल के बाद सुबह ठीक 7 बजे मतदान शुरू करवाया जाए। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर महिलाओं व पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगवाएं और एक पुरुष के पश्चात दो महिलाओं को वोट डालने के लिए भेजा जाए। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित बसों में ही बैठकर वापस चुनाव सामग्री लेकर निर्धारित स्थान पर ही पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर ऑफिसर्स प्रत्येक 2 घंटे बाद मतदान प्रतिशत की रिपोर्ट देंगे। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिले में 91 माइक्रो ऑब्जर्वर, 33 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 61, सेक्टर सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं।
जिले में हैं सात लाख 31 हजार 512 मतदाता
झज्जर जिले में कुल 7 लाख 31 हजार 512 मतदाता हैं, जिनमें से 3,91,642 पुरुष व 3,39,835 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 16 हजार 977 मतदाता हैं, जिसमें एक लाख 17 हजार 180 पुरुष व 99 हजार 768 महिला मतदाता हैं। बादली विधानसभा क्षेत्र में कुल एक लाख 72 हजार 882 मतदाता हैं, जिसमें 92 हजार 410 पुरुष व 80 हजार 472 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार झज्जर (अजा) विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 70 हजार 55 मतदाता हैं, जिसमें 89 हजार 664 पुरुष व 80 हजार 388 महिला मतदाता हैं। बेरी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 71 हजार 598 कुल मतदाता हैं, जिनमें 92 हजार 388 पुरुष व 79 हजार 207 महिला मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त जिले में 35 ट्रांसजेंडर हैं, जिसमें 29 मत बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में, तीन मत झज्जर (अजा) विधानसभा क्षेत्र में तथा तीन मत बेरी विधानसभा क्षेत्र में शामिल हैं।