थाना सदर झज्जर के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी दुलीना की टीम ने चोरी करने वाले गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दुलीना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रीना ने बताया कि अश्वनी कुमार ने शिकायत देते हुए बताया कि वह एक्सएलआरआई दिल्ली एनसीआर कैंप में एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में नियुक्त है। उसकी कंपनी से 16 जनवरी की रात को डीजल जनरेटर के लिए उपयोग की जाने वाली 6 बैटरियां चोरी हो गई हैं। जिस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना सदर झज्जर में चोरी का आपराधिक मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने उपरोक्त मामले में गहनता से कार्रवाई करते हुए चार महिला सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेजा है। सबसे पहले पुलिस टीम द्वारा चोरी की वारदातों में प्रयोग करने वाले ऑटो चालक को गिरफ्तार किया गया। ऑटो चालक की पहचान नरेश निवासी भौमखाड़ा खोखरा कोट रोहतक के तौर पर की गई, जिसके बाद आरोपी को झज्जर न्यायालय में पेश करके पुलिस पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड कर लिया गया था।
पुलिस रिमांड के दौरान जांच में सामने आया कि उपरोक्त मामले में चार महिलाएं भी शामिल हैं, जिनको पुलिस टीम द्वारा काबू किया गया और उन्हें अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आगामी कार्रवाई में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान राकेश निवासी लुहारी, कुलदीप निवासी हरसिंदा जिला जींद और पप्पू हुसैन निवासी कटेटा बरेली उत्तर प्रदेश के तौर पर की गई।
पकड़े गए आरोपी पप्पू हुसैन से चोरी की गई चार बैटरियां बरामद हुई। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस जांच के दौरान आरोपियों से जिला झज्जर में चोरी की नौ वारदातों का खुलासा हुआ।