बहादुरगढ़/बादली। नोटबंदी को लंबा समय बीत जाने के बाद भी बैंकों में व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही। रुपये निकलवाने को लेकर लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घंटों लाइन में लगने के बाद लोग बैरंग वापस लौट रहे हैं। सोमवार को भी दुल्हेड़ा में परेशान लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया।
सोमवार की सुबह दुल्हेड़ा स्थित पंजाब नैशनल बैंक के बाहर उपभोक्ताओं ने रोष प्रकट करते हुए हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने बैंक में कैश न मिलने पर रोष प्रकट किया। हालांकि बैंक के बाहर कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई मगर बैंककर्मियों द्वारा कैश दिए जाने का आश्वासन देने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। बैंक के बाहर खड़े उपभोक्ताओं ने बताया कि दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को बैंक खुले हैं मगर कैश नहीं दिया जा रहा है। इससे पहले भी कभी दो हजार तो कभी चार हजार रुपये ही दिए जाते रहे हैं। सुबह 6 बजे ही वह सर्दी में भी बैंक के बाहर लाइन में लगे जाते हैं मगर उन्हें पर्याप्त कैश नहीं दिया जाता। वहीं बादली में भी एटीएम मशीनों में कैश की किल्लत से उपभोक्ताओं में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता हरीश, देवेंद्र, सोनू, दीपक का कहना है कि 20 से 25 एटीएम का चक्कर लगा चुके हैं। उम्मीद थी कि पुराने एटीएम मशीनों में तो कम से कम कैश को जरूर मिलेगा। मगर ऐसा नहीं हो पाया। कहीं भी कैश नहीं मिला। बैंकों में घंटों लाइन में लगने के बाद कैश नहीं मिलता। एटीएम में कैश डाला नहीं जा रहा हैं। ऐेसे में लोगों में नए साल के उत्साह और जोश के जश्न भी फीका नजर आने लगा है।