बहादुरगढ़। तार हटने की बजाय नोटिस मिलने से आहत लाइनपार के निवासी मंगलवार को शहर में प्रदर्शन कर बिजली निगम से मिले नोटिसों की होली जलाएंगे। इस संबंध में सोमवार को प्रभावित लोगों ने बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
पिछले दिनों शहरी क्षेत्र में हाइटेंशन की तारें हटाई गई। शहरी क्षेत्र से तार हटी तो हाइटेंशन लाइनों से प्रभावित लाइनपार के लोगों को भी इनसे मुक्ति मिलने की उम्मीद बंधी। लाइनपार क्षेत्र में हाइटेंशन की चार लाइनें गुजर रही हैं। एक लाइन को हटाने के लिए नगर परिषद की ओर से बिजली निगम को चेक भी दे दिया गया। तार हटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे लाइनपार के लोगों की उम्मीदों को उस वक्त गहरा झटका लगा जब बिजली निगम की ओर से उन्हें नोटिस थमा दिए गए। तार हटना तो दूर उनके भवनों को ही अवैध घोषित कर दिया है, जिससे ये लोग बेहद दुखी हैं। इन प्रभावित लोगों में बिजली निगम के प्रति काफी रोष है।
मंगलवार को ये लोग हाइटेंशन तार हटाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में शहर में प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन रेलवे स्टेशन के पास से शुरू होकर रोहतक-दिल्ली रोड पर स्थित पकोड़ा चौक पर संपन्न होगा। यहां निगम द्वारा दिए गए नोटिसों की होली जलाई जाएगी। सोमवार को इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए लाइनपार में अंबेडकर भवन के पास लोगों की बैठक हुई। लोगों ने कहा कि हमारे साथ भेदभाव बरता जा रहा है। जब शहरी क्षेत्र में लाइन हटाई गई तो किसी को नोटिस नहीं दिए गए, अब हमारे मकानों को अवैध ठहराया जा रहा है। यह सरासर गलत है, इसका विरोध किया जाएगा। सरकार इस ओर ध्यान दें और हमारे साथ न्याय करें। बैठक में वजीर राठी, कपिल, नीरज, गोपीलाल, श्रीभगवान, रामधन, श्यामसुंदर, राजेश, विशाल, ओमकंवार, सुरेश आदि भी उपस्थित थे।