बहादुरगढ़। शहर के नागरिक अस्पताल व अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में शनिवार 9 दिसंबर को 2 घंटे तक ओपीडी सेवाएं बाधित रहेंगी। ओपीडी में मरीजों को इलाज पाने के लिए सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों का इंतजार करना पड़ेगा। सुबह के 9 से लेकर 11 बजे तक पेन डाउन स्ट्राइक पर डॉक्टर रहेंगे।
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएस) के आह्वान पर झज्जर जिला एसोसिएशन की ओर से 9 दिसंबर को नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 2 घंटे की पेन डाउन सांकेतिक हड़ताल होगी। यह हड़ताल नागरिक अस्पताल के साथ ही जिले के सभी सीएचसी व पीएचसी में भी रहेगी। एसोसिएशन की जिला प्रधान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ. ममता चहल ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी की ओर से मांगों को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव से भी मुलाकात की गई थी। इसमें सहमति न बनने पर 9 दिसंबर को दो घंटे पेन डाउन स्ट्राइक है। इमरजेंसी सेवाएं नियमित तौर पर चलती रहेंगी। उनकी मुख्य मांगों में स्पेशलिस्ट डाॅक्टर का अलग से कैडर बनाने, केंद्र की तर्ज पर चार एसीपी देने, डायरेक्ट तौर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) की भर्ती ना करके मेडिकल ऑफिसर (एमओ) को वरिष्ठता के हिसाब से पदोन्नति देने व पीजी करने वाले डाॅक्टर के लिए बांड पॉलिसी में बदलाव कर एक करोड़ की बजाय 50 लाख रुपये सहित अन्य कुछ मांगें शामिल हैं। स्ट्राइक की समयावधि के दौरान ओपीडी नहीं देखी जाएगी। एसोसिएशन पदाधिकारी ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर विभाग के अधिकारियों व सरकार के साथ कई बार आग्रह किया जा चुका है मगर सरकार की ओर से संगठन की मांगों को पूरा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही। हर बार केवल आश्वासन मिलता है।
-फोटो 52 : नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़।