बहादुरगढ़। तेज धूप और लू ने लोगों की हालत खराब कर दी है। उल्टी -दस्त का प्रकोप बढ़ रहा है। बीपी कम होने की स्थिति में सोमवार को शहर के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में 17 मरीज पहुंचे। जिन्हें इलाज करने के बाद छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों की ओर से लोगों को गर्मी के मौसम लगातार पानी पीने की सलाह दी है। बीते 10-15 दिनों में डायरिया और लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सुंदरम ने बताया कि गर्मी के तेवर कड़े हैं। ऐसे में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। ओपीडी में प्रतिदिन उल्टी-दस्त, चक्कर आना, सिर में दर्द, घबराहट, बीपी कम होने की दिक्कत के मरीज आ रहे हैं। लगातार उल्टी-दस्त होने से लोगों के शरीर में पानी की कमी भी हो गई है। पिछले 10-15 दिनों में अस्पताल में 150 से 200 मरीज उल्टी-दस्ते से पीड़ित पहुंचे हैं।
ये करें
-सुबह खाली पेट घर से न निकलें। पूर्वाहन 11 से 4 बजे तक बाहर जाने से बचें।
-पूरी बाजू के सूती कपड़े पहनें, अंगोछा से सिर-कान ढककर रखें।
-हर आधा घंटे बाद एक गिलास पानी पीएं। 5-6 लीटर पानी रोज पीएं।
-तरबूज, खरबूज, संतरा समेत रसदार फल और खीरा-ककड़ी, टमाटर खाएं।
-दस्त होने पर ओआरएस लें, छाछ, शिंकजी, नींबू-पानी, पना, नारियल पानी पीएं।
-तली हुई चीजों से परहेज करें, हरी सब्जी भोजन में लें।