बहादुरगढ़। राजस्थान के उदयपुर में हुई कन्हैया लाल की हत्या के विरोध में बजरंग दल झज्जर ने प्रदर्शन किया। शहर के पुराना बस स्टैंड चौक में बजरंग दल कार्यकर्ता एकत्र हुए। राजस्थान की गहलोत सरकार व इस्लामिक कट्टरपंथियों के खिलाफ नारेबाजी की। कन्हैयालाल के हत्यारोपियों को फांसी देने की मांग की। इनके पीछे काम कर रहे संगठन का पर्दाफाश कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए विहिप जिलाध्यक्ष जगदीश ऐलावादी ने कहा कि गहलोत सरकार हत्यारोपियों को कानून के माध्यम से सुरक्षा देने का काम कर रही है, हर दिन कोई न कोई नया मामला आता है और सरकार कागजी संवेदना प्रकट करके पीछा छुड़ा लेती है, गहलोत को इस्तीफा दे देना चाहिए। बजरंग दल के विभाग संयोजक ऋषि भारद्वाज ने इस हत्या को तालिबानी व आईएसआईएस से प्रेरित घटना बताया। कहा कि इस तरह की मानसिकता भारत जैसे देश में पनपना बड़े संकट की तरफ संकेत है। इसके लिए युवाओं को आगे आना चाहिए और पूरी ताकत के साथ ऐसी घटनाओं को होने से रोकना चाहिए। जिला सुरक्षा प्रमुख हेमंत पंडित ने उदयपुर प्रशासन को इस हत्या का आरोपी बताया और 8 दिन पहले दी शिकायत पर कार्रवाई न करके सुरक्षा ना देने के मामले में उस थाने के पुलिस अधिकारियों को निरस्त करने की मांग की। प्रांत कोषाध्यक्ष यशपाल गांधी ने सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की व भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए सरकार से आश्वासन की मांग की।
इस मौके पर कार्यक्रम अध्यक्ष हेमंत पंडित के अलावा पूर्व जिला संयोजक प्रवीण कुमार, जिला सोशल मीडिया प्रभारी यश जोशी, बहादुरगढ़ दक्षिण नगर संयोजक नीरज वत्स, बहादुरगढ़ उत्तर नगर सह-संयोजक जयवीर छिकारा, नगर बलोपासना प्रमुख राहुल राठी, बजरंग दल पूर्वांचल प्रकोष्ठ संयोजक विनय, गोपाल साहू, आर्य समाज बैंक कालोनी से मिलन आर्य व ध्रुव राठी, देवेन शर्मा, सचिन मित्तल, शशांक, पंकज, सुधीर शेखावत, वेदांत सहगल, विशाल भारद्वाज, राहुल मदान, भाजपा से नरेश रोहिल्ला, उमेश व जितेश सेठी उपस्थित रहे।