बहादुरगढ़। राहगीरों व आमजन की सुविधा को लेकर मेट्रो ट्रैक के नीचे पकौड़ा चौक के नजदीक बनाए गए कट को स्थाई तौर पर खोले जाने की मांग उठाई गई है। उनका कहना है कि जब भी वीवीआईपी आगमन होता है तो प्रशासन अपनी सुविधानुसार कट को खोल देता है, लेकिन बाद में इस कट को फिर से बंद कर दिया जाता है। जिससे आमजन को परेशानी होती है। वाहन चालकों को दूर के दूसरे कटों से वाहनों को घुमाकर लाना पड़ता है। ऐसे में जाम की समस्या से भी उन्हें जूझना पड़ता है।
शहर के पकौड़ा चौक के पास नाहरा-नाहरी मोड़ के सामने व रेलवे रोड के नुक्कड़ के सामने दो अलग-अलग चौड़े कट मेट्रो साइट पर छोड़े हुए हैं। ये कट मेन बाजार व झज्जर रोड की तरफ जाने वाली कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए छोड़े गए हैं, लेकिन पिछले लंबे समय से इन कटों का लाभ नहीं मिल पा रहा।
अस्थाई तौर पर पत्थर व पुलिस बैरिकेड्स लगाकर इन कटों को बंद किया हुआ है। जिससे दिल्ली-रोहतक रोड से गुजरने वाले वाहन चालक भी परेशान रहते हैं। शहरवासी अमित कुमार, गौरव कुमार, इशांत सिंह, नीरज शर्मा, कपिल कुमार ने कहा कि बंद किए हुए कट के आसपास बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े होने की वजह से जाम लगा रहता है। यदि पुलिस प्रशासन की ओर से इन दोनों कटों को खोला जाता है तो यहां पकौड़ा चौक के आसपास न तो सड़क पर अतिक्रमण रहेगा और न ही जाम जैसे हालात बनेंगेे, क्योंकि बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन पीछे से आने वाले वाहनों के चलते हट जाएंगे। ट्रैफिक कंट्रोल को लेकर पुलिस को और कदम उठाने चाहिए न कि एक-दूसरे मार्गों को जोड़ने वाले कटों को बंद करना चाहिए।