मिट्टी भरकर खड़े किए गए ट्रक। संवाद
- फोटो : Bahadurgarh
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हुए बवाल के बाद दिल्ली पुलिस ने हरियाणा-दिल्ली सीमा पर कड़े इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। एक दिन पहले जहां दिल्ली पुलिस ने झाड़ोदा बॉर्डर पर कंक्रीट की तीन फुट चौड़ी और चार फुट ऊंची दीवार बनाई थी वहीं अब वहीं टीकरी बॉर्डर पर सुरक्षा के लिहाज से सड़क पर नुकीले सरिये ठोंक दिए हैं। दिल्ली पुलिस ने यह इंतजाम रविवार की रात किए। सीमाओं के बंद होने के बाद बहादुरगढ़ से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान आंदोलन के कारण झाड़ोदा बॉर्डर लगातार छठे दिन भी बंद रहा। यहां पर दिल्ली पुलिस की ओर से रेती-रोड़ी व मिट्टी से भरे ट्रकों को बैरिकेड के स्थान पर खड़ा किया गया है। यहां पर चार लेयर की बैरिकेडिंग की गई है। पहली लेयर में लोहे के बैरिकेड, दूसरी लेयर में सीमेंट के जर्सी बैरियर में रोड़ी भरकर लगाया गया है तथा तीसरी लेयर में कंक्रीट की तीन फुट चौड़ी और चार फुट ऊंची दीवार बनाई गई है। इसके बाद चौथी लेयर में ट्रकों में मिट्टी भरकर उन्हें खड़ा किया गया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस व सुरक्षा बलों के जवानों के अलावा महिलाएं भी तैनात की गई हैं। इतना ही नहीं 100 मीटर आगे तीन लेयर की एक और बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां भी कड़ी बैरिकेडिंग की गई है।
पुलिस का मानना है कि अगर कोई यहां से पार पाने की कोशिश करता है तो उसके बाद 100 मीटर दूर दिल्ली सीमा में लगाई गई बैरिकेडिंग पर भी उन्हें रोकने की संभावना है। झाड़ोदा बॉर्डर बंद होने से दिल्ली का आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां आने वाले वाहन बैरिकेडिंग देखकर रास्ता बंद होने की वजह से कच्चे रास्तों की तरफ से दिल्ली में आवाजाही हो रही है। वाहन चालक झाड़ोदा बॉर्डर को खोलने की मांग कर रहे हैं। मगर सुरक्षा बल के जवान उन्हें कोई भी जवाब नहीं दे पा रहे हैं। बॉर्डर से कोई नजफगढ़ जाना चाह रहा है तो कोई गुरुग्राम, सब लोग खेतों के रास्ते परेशान होकर अपनी मंजिल तक पहुंच रहे हैं।
टीकरी बॉर्डर पर सड़कों में ठोंके गए नुकीले सरिये
हरियाणा-दिल्ली सीमा पर टीकरी बॉर्डर पर एक तरफ तीन कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं तो दूसरी तरफ पुलिस गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हुई हिंसा के बाद पूरी तरह अलर्ट पर है। टीकरी बॉर्डर पर सड़क पर दिल्ली सीमा में पुलिस ने नुकीले सरिये ठोंक दिए हैं। वहीं झाड़ोदा बॉर्डर पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यहां पर बैरिकेडिंग के बाद तीन फुट की सीसी की दीवार बनाई गई है। टीकरी बॉर्डर पर भी दिल्ली पुलिस ने बड़े-बड़े पत्थरों में मिट्टी भर दी है। दोनों ही बॉर्डरों से लोगों को पैदल आवागमन में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
झाड़ोदा बॉर्डर पर बनाई गई तीन फुट चौड़ी दीवार। संवाद- फोटो : Bahadurgarh