हिसार से दिल्ली के लिए निकले युवक का जेएलएन में मिला शव
कार से दिल्ली गया था लैब में सैंपल देने, रोहतक में मिली कार
जेब से मिले कागजात के आधार पर हुई शव की पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। हिसार के गांव कुलेरी से अपनी कार से दिल्ली के लिए रवाना हुए एक युवक का शव झज्जर के बेरी के गांव बाकरा से गुजर रहीं जवाहरलाल नेहरू कैनाल में मिला। शव की पहचान 28 वर्षीय कोमल पुत्र लोकनाथ निवासी गांव कुलेरी हिसार के रूप में हुई है।
बता दें कि झज्जर जिला प्रशासन ने कुछ दिन पूर्व बेरी से गायब हुए एक युवक की तलाश में जेएलएन में सर्च अभियान चलाया था। अभियान के दौरान ही जेएलएन से एक शव बरामद हुआ। पहचान जेब से मिले आधार कार्ड व पेन कार्ड के आधार पर हुई। पुलिस ने सूचना उसके परिजनों को दे दी। यहां पहुंचे परिजनों के अनुसार कोमल गत दिवस सुबह गांव से कार से दिल्ली लैब में सैंपल जमा कराने निकला था। उसके पास करीब 80 हजार रुपये थे। कार व मोबाइल तो रोहतक से बरामद हो गए, लेकिन जवाहर लाल नेहरू कैनाल से बरामद हुआ। पुलिस ने रविवार को झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
वर्जन
बेरी के गांव बाकरा से गुजरने वाली जेएलएन नहर से शनिवार शाम को एक अज्ञात शव तैरते मिला था। इसकी रविवार को पहचान हो गई है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। -सुदरपाल,थाना प्रभारी,बेरी