बहादुरगढ़। शहर के बीच से गुजरने वाली ड्रेन पर चार साल पहले सड़क का निर्माण किया गया था। अब वह सड़क वाहन चालकों को न केवल दर्द दे रही है बल्कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जगह-जगह रास्ते पर सरिये और रोड़ियां बाहर निकल आई हैं, लेकिन न तो नगर परिषद के अधिकारी इन गड्ढों को भरने और निकले सरियों को ठीक करने की जहमत उठा रहे हैं और न ही नेता इस पर कोई ध्यान दे रहे हैं।
सड़क से सरिये निकलने वाले स्थान पर एक पत्थर और उस पर मटका रखते हुए लोगों को इससे बचने की सलाह दी जा गई है। दरअसल बहादुरगढ़ में सांखोल गांव से सेक्टर-9 मोड़ तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई थी। शहर की नई बस्ती निवासी मनोज शर्मा, सुशांत कुमार, विक्रम भारद्वाज, अमित कुमार, संजय शर्मा, मनीष वशिष्ठ आदि ने बताया कि अब इस सड़क पर कई चौक-चौराहों के साथ-साथ अनेक स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जोकि रात के समय वाहन चालकों के लिए हादसे का कारण बन सकते हैं।
सड़क पर सरिये और रोड़ियां निकल आई हैं। सड़क बनाने में 67 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन बेहद कम समय में सड़क कई स्थानों से खराब हो चुकी है। नगर परिषद अधिकारियों से कई बार इस सड़क को दुरुस्त करने की मांग भी शहरवासियों द्वारा उठाई गई है, लेकिन इन्हें ठीक करना तो दूर आज तक किसी अधिकारी ने मौके का निरीक्षण भी नहीं किया है।
नगर परिषद अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे के इंतजार में हैं। विश्वकर्मा चौक से नाहरा-नाहरी चौंक की तरफ जाने वाले रास्ते पर बीच में सड़क टूटने के बाद सरिये बाहर निकल आई है। वहीं एचएनजी फैक्टरी के चौंक पर सरिया निकला हुआ है। अब वहां पर उस सरिये से बचने के लिए आमजन ने पत्थर रखते हुए उस पर मटका लगाकर लोगों को इससे बचने के लिए आगाह किया गया है। पूरे मार्ग अनेकों स्थानों पर गड्ढे बने हुए हैं। इस मार्ग पर रात के समय वाहन चलाना किसी आफत से कम नहीं है।
ड्रेन वाले रास्ते पर जहां भी गड्ढे और सड़क क्षतिग्रस्त है वहां मरम्मत कराई जाएगी। मानसून सीजन खत्म होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा। शहरवासियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-संजय रोहिल्ला, ईओ, नगर परिषद बहादुरगढ़।