नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचे हर्ष के परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़ के गांव डाबोदा खुर्द में शनिवार की शाम करीब 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। वह युवक अपने खेत में गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डाबोदा खुर्द निवासी हर्ष मलिक (20) के परिजनों को खेत में हर्ष को गोली लगने की सूचना मिली। परिजन व पड़ोस के लोग तुरंत भागकर खेत में पहुंचे तो हर्ष लहूलुहान हालत में पड़ा था।
गंभीर रूप से घायल हर्ष को तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए। डॉ. संजीव कुक्कल ने बताया कि युवक के गले में गोली लगी है। शव को अस्पताल में रखा गया है और पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
सूचना मिलने पर एचएल सिटी पुलिस चौकी के इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक विनोद टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही मामले की एफआईआर दर्ज की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम रविवार को होगा। फोरेंसिक लेबोरेट्री की टीम को भी घटनास्थल बुलाकर जांच करवाई गई।
टीम ने मौके से आवश्यक सुबूत जुटाए। हर्ष माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक छोटी बहन है। पिता लकवा की बीमारी से पीड़ित हैं। हर्ष का निकट ही नयागांव में आरओ प्लांट है। जहां पानी को शुद्ध करने के बाद व बहादुरगढ़ शहर में सप्लाई करता था। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हर्ष को गोली किन परिस्थितियों में लगी।