पति से अनबन के चलते मायके में रहती थी बाला
मृतक महिला बाला की शादी बलियाली जिला भिवानी में हुई थी। उसका पति विजय शराब का आदि था, जिसके चलते बाला की पति के साथ नहीं बनी। इसी कारण वह अपने बच्चों के साथ मायके खानपुर खुर्द में रहती थी। उसकी बेटी की शादी हो चुकी है और दोनों बेटे अविवाहित हैं।
प्लांट के शक्ति द्वार पर चला रही थी ढाबा
मृतका बाला झाडली स्थित शक्ति द्वार पर खेड़ा गांव के एक बुजुर्ग के साथ मिलकर ढाबा चलाती थी। ढाबे पर वह श्रमिकों के लिए चाय पानी, रोटी आदि की व्यवस्था रखती थी। इसी से होने वाली आजीविका से वह अपनी गुजर बसर कर रही थी।
बेटे साहिल को फोन पर दी थी सूचना
महिला बाला ने रात को साढ़े 9 बजे अपने बेटे साहिल को बताया था कि उसका पिता विजय निवासी बलियाली शराब पीकर आया हुआ है और उसके साथ लडाई झगड़ा करते हुए मारपीट कर रहा है। उसके बाद महिला की किसी से फोन पर कोई बातचीत नहीं हुई थी।
मौके पर बीयर की बोतल व नमकीन का रैपर भी मिला
घटना स्थल पर पुलिस को बीयर की बोतल व नमकीन का रैपर भी मिला है। जिसे टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम अन्य जरूरी साक्ष्य भी एकत्रित करने में जुटी है। महिला बाला से उसका पति कभी-कभी मिलने के आता रहता था। ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि गत रात भी वह महिला बाला के घर आया हुआ था। रात के समय जब वह गली से गुजर रहा था तो कुत्ते भौंकने लगे और ग्रामीणों ने उसको पहचान लिया था।
शरीर से बलिष्ठ थी बाला, एक व्यक्ति वारदात को नहीं दे सकता अंजाम
ग्रामीणों के अनुसार महिला बाला शरीर से बहुत बलिष्ठ और ताकतवर थी। कोई भी एक अकेले उसको काबू में नहीं कर सकता था। यह जांच का विषय बना हुआ है कि महिला की हत्या उसके पति ने की है या फिर इस हत्या के पीछे अन्य लोग भी हैं।
क्या कहती है पुलिस
साल्हावास थाना प्रभारी हरेश कुमार का कहना है कि महिला बाला की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई है। पास ही बीयर की बोतल व नमकीन रैपर मिले हैं। जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर भेजा गया है।