हरियाणा के झज्जर में गुडा माइनर से कुछ आगे टाटा टेलको कंपनी दुजाना के नजदीक नेशनल हाईवे-71 पर गाड़ी में फोन सुन रहे व्यक्ति की गाड़ी में बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जब गाड़ी सवार देखने उतरा तो एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दी और उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। आरोपी अपनी बाइक को मौके ही छोड़ गए।
रोहतक के उत्तम विहार निवासी आशीष ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह महिन्द्रा फाइनेंस कंपनी रोहतक में नौकरी करता है। वह शुक्रवार सुबह अपनी गाड़ी को लेकर किसी काम से झज्जर महिन्द्रा कंपनी के ऑफिस में गया था। वह काम पूरा करके वापस रोहतक जा रहा था।
दोपहर लगभग ढाई बजे वह अपनी गाड़ी को लेकर गुडा माईनर से आगे टाटा टेलको कंपनी दुजाना के नजदीक नेशनल हाईवे-71 पर पहुंचा तो उसके पास ऑफिस से फोन आया। उसने गाड़ी साइड में लगा दी। उसने गाड़ी रोक ली और इतनी ही देर में पीछे से झज्जर की तरफ से एक बाइक चालक आया और उसकी गाड़ी में पीछे से हल्की टक्कर मार दी।
जब वह अपनी गाड़ी से नीचे उतरकर बाइक वाले के पास जाने लगा तो इतनी देर में गाड़ी की बाईं तरफ से अचानक दो लड़के आ गए। इनमें से एक लड़के के हाथ में पिस्तौल थी। उन्होंने उसे कहा कि तू गाड़ी छोड़ कर भाग जा, नहीं तो तुझे गोली मार देंगे।
उन लोगों ने उसका बैग गाड़ी से निकालकर बाहर फेंक दिया। तीनों युवक गाड़ी में बैठकर रोहतक की तरफ भाग गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस नेशिकायत पर अज्ञात केखिलाफ केस दर्ज कर लिया है।