झज्जर के लोहारी गांव में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर आभूषण, नगदी व लाइसेंसी रिवाल्वर और कारतूस चोरी कर लिए हैं। महिला ने मामले की शिकायत माछरौली पुलिस को दी है। पुलिस ने मौका मुआयना कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला अपने ससुर की मौत के बाद पुस्तैनी मकान में गई हुई थी।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
जानकारी के अनुसार लोहारी गांव निवासी रेनू पत्नी स्व. राजीव ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि कुलाना से हेलीमंडी रोड पर स्थित मकान पर रहती है। उसके पति की लगभग चार महीने पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उसके ससुर जसरथ(फौजी) का लगातार कैंसर की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने गांव लोहारी स्थित पुस्तैनी मकान पर अपने ससुर की सेवा करती रही।
जिनका 20 जुलाई को देहांत हो गया। उसके सड़क वाले मकान पर उसके कुछ गहनों के साथ कीमती सामान व उसके स्व. पति की रिवाल्वर व कारतूस भी रखे थे। उसे पता चला कि मेरे सड़क वाले मकान का ताला टूटा हुआ है। उसने देखा तो मकान का मैन गेट का ताला टूटा हुआ था। कमरे में बंद अलमारी को तोड़ कर रिवाल्वर व गोलियां चुराई गई हैं। तिजोरी नूमा अलमारी को तोड़कर लगभग 5-6 हजार रुपये, एक तागड़ी चांदी की, दो जोड़ी पाजेब चांदी की भी चोरी कर ली गई हैं।
जांच अधिकारी के अनुसार
जांच अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी का सुराग लगा कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।