पूर्व विधायक दरियाव सिंह से चुनाव के दौरान 60 हजार रुपये ठगने वाले तीनों शातिरों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया।
पुलिस जानकारी करने में लगी है कि उन्होंने किस-किस को ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस फिलहाल अब तक मिली जानकारी को उजागर नहीं कर रही है।
एसपी सुमित कुमार द्वारा गंभीर मामलों को सुलझाने के लिए गठित की गई टीम ने तीन शातिर ठगों को सोमवार को काबू किया था।
पकड़े गए तीनों आरोपियों राज गुप्ता निवासी गांव भंगेड़ी थाना सिविल लाइन रुड़की, नौशाद उर्फ बबलू निवासी गांव खंजरपुर थाना सिविल लाइन रुड़की जिला हरिद्वार तथा धर्मेन्द्र निवासी गांव चेलुसेन जिला पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड हाल उत्तम नगर दिल्ली को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने अदालत से आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। निरीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में ठगी के अनेक मामलों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस उस अकाउंट की तहकीकात करेगी, जिसमें वे ठगी से रुपये डलवाते थे।
गौरतलब है कि झज्जर के पूर्व विधायक दरियाव सिंह ने शिकायत दी थी कि वह झज्जर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे।
चुनाव प्रचार के दौरान उनके मोबाइल पर एक फोन आया जिसमें पार्टी के आदेशानुसार उनके पक्ष में चुनाव प्रचार करने की बात कहकर उनके खाते में रुपये जमा कराने को कहा गया।
जिसपर विश्वास करते हुऐ उन्होंने साठ हजार रुपये बैंक में उनके बताये खाते में जमा करवा दिए। जब उन्होंने पार्टी मुख्यालय से पता किया तो मामला धोखाधड़ी का पाया गया। जिस पर थाना झज्जर में मामला दर्ज किया गया था।