हरियाणा के झज्जर जिले के साल्हावास क्षेत्र के एनटीपीसी झाड़ली स्थित मेट्रो मार्केट में सात महीने पहले एक व्यक्ति की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने से अब इस मामले का पर्दाफाश हो गया है। विसरा जांच की रिपोर्ट से खुलासा हुआ है व्यक्ति की मौत पेट दर्द होने से नहीं बल्कि चोट मारने से हुई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जीया उल्ला गांव बूधूवासी जिला बहराइच उत्तर प्रदेश ने बताया था कि उसके गांव के ही नंदलाल के साथ पुनीत निवासी भूरावास मेट्रो मार्केट झाड़ली में कबाड़ की दुकान पर काम करते हैं। 12 नवंबर 2021 को पुनीत की स्कूटी लेकर वे रेलवे लाइन की तरफ गए थे। फाटक के पास उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति मिला जिसने स्कूटी रोकने के लिए कहा।
स्कूटी रोकने के बाद उस व्यक्ति ने कहा कि उसके पेट में दर्द है उसे जल्दी से किसी अस्पताल में दाखिल कराओ। उस व्यक्ति के माथे पर चोट लगी हुई थी ऐसा प्रतीत होता था कि गिरने से उसे चोट लगी है। उसे स्कूटी पर बैठाकर मातनहेल के प्राथमिक अस्पताल ले गए। जहां से उसे झज्जर के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नागरिक अस्पताल झज्जर में चिकित्सकों ने उसे कुछ देर बाद ही मृत घोषित कर दिया। व्यक्ति के शव को शिनाख्त के लिए शवगृह में रखवा दिया था। 14 नवंबर 2021 को मृतक की पत्नी मुकेश ने शव की शिनाख्त की। शव की पहचान जगबीर उर्फ काली बल्लुराम वासी सेखूपर जट्ट उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
परिजनों ने उस समय मान लिया था कि शायद जगबीर उर्फ काले का निधन ज्यादा पेट दर्द होने के कारण हुआ है, लेकिन अब आरएफएल सुनारिया रोहतक से रिपोर्ट आने से पता चला है कि जगबीर उर्फ काले की मौत पेट दर्द होने से नहीं बल्कि किसी के चोट मारने से हुई थी।
जांच अधिकारी एसआई मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी ने अभी अपने बयान दर्ज नहीं कराए हैं। इसलिए फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।