हरियाणा के बहादुरगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-6 में मंगलवार को दिनदहाड़े एक घर में घुसकर दो नकाबपोशों ने युवक के हाथ-पैर बांध सूआ (बर्फ तोड़ने वाला) दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों बदमाश एक स्कूटी पर सवार होकर आए थे और लूटपाट के बाद स्कूटी वहीं छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। बदमाशों ने वारदात को 32 मिनट में अंजाम दिया। युवक ने सूचना परिजनों को दी। इसकी जानकारी पुलिस को लगी तो वह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सेक्टर-6 स्थित 114 नंबर मकान में मंगलवार की दोपहर सूए के दम पर युवक से दो बदमाश घर में घुसकर लूटपाट की वारदात कर गए। वारदात आर्यन उर्फ साहिल (22) के साथ हुई है। आर्यन के पिता रमेश ने बताया कि मंगलवार को दोपहर के समय उनका बेटा घर पर था। वे साढ़े 12 बजे अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। जबकि उनकी पत्नी अपनी ड्यूटी पर गई थी। दोपहर 1 बजकर 26 मिनट पर दो नकाबपोश उनके घर में घुसे और सीधे प्रथम तल पर बने कमरे में पहुंचे। यहां पर उनका बेटा आर्यन मौजूद था।
आर्यन के अनुसार दोनों बदमाशों ने वहां पहुंचते ही उसके गले पर सूआ रख दिया और हाथ-पैर बांध दिए। कमरे में श्रृंगारदानी रखी हुई थी। बदमाशों ने उससे इसका पासवर्ड मांगा तो आर्यन जानकारी होने से मना कर दिया। दोनों बदमाश उसे ग्राउंड फ्लोर पर बने कमरे में ले आए और यहां पर रखी अलमारियों को खुलवाया। रमेश कुमार के अनुसार, अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये, तीन सोने की चेन और एक अंगूठी ले गए। जाते समय बदमाश आर्यन का आई-फोन और पर्स भी ले गए।
एक स्कूटी पर सवार होकर आए दो बदमाश
पड़ोस में लगे सीसीटीवी चेक किए गए तो उसमें एक स्कूटी (काले रंग) पर दो बदमाश आते दिखाई दिए। उनमें एक ने हेलमेट पहना हुआ है तो दूसरा बिना हेलमेट के स्कूटी चलाता दिखाई दिया है। दोनों दोपहर के समय 1 बजकर 28 मिनट पर घर में घुसे और 32 मिनट तक लूट की वादात को अंजाम देने के बाद बाहर निकले। खास बात यह है कि स्कूटी को भी बदमाश वहीं छोड़ गए। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया है। एक बदमाश लूटपाट के बाद जब घर से बाहर आया तो वह सड़क पर एक मोटरसाइकिल चालक से बात करता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ है। वह कौन था और किस लिए वहां आया था। यह भी एक सवाल बना है।
सेक्टर-6 थाना, सीआईए और एफएसएल टीम भी पहुंची
वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस, एसीपी प्रदीप कुमार, सीआईए-1 और 2 इंचार्ज दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात स्थल के आसपास घरों में लगे सीसीटीवी चैक किए। एक सीसीटीवी में लूटपाट के बाद बदमाश पैदल भागते हुए नजर आ रहे हैं। एक की पीठ पर बैग लटका भी नजर आ रहा है। पुलिस कई एंगल पर मामले में जांच कर रही है।
घटना के बाद सेक्टरवासियों में भय का माहौल
पॉश इलाके सेक्टर-6 में दिनदहाड़े हुए इस वारदात के बाद लोगों में भय का माहौल है। काफी संख्या में सेक्टर के निवासी मौके पर पहुंचे। दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई लूट पर सेक्टर वासियों ने कई सवाल खड़े किए हैं।