पंजाब नेशनल बैंक में घुसकर डिपॉजिट मशीन तोड़ने वाले चोरों की तलाश में लगी पुलिस ने शनिवार को उनकी शक्ल देखने के लिए घरों व दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।
पुलिस ने बैंक के आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। तो वहीं साइबर टीम बैंक क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल फोन की लोकेशन से भी चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल वारदात के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस किसी खास नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस चौकी प्रभारी मुनेश ने शनिवार दोपहर को अपनी टीम के साथ पंजाब नेशनल बैंक के पीछे के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।
बृहस्पतिवार रात को चोर बैंक में घुसे थे और जानकारी के अनुसार वह बैंक के पिछले हिस्से से भाग गए। सर्च के दौरान पुलिस ने यहां गेस्ट हाउस, इलेक्ट्रॉनिक दुकान और मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जानकारी ली।
इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर लगे एक सीसीटीवी में एक गाड़ी गुजरती दिखाई दी है। उसकी हेडलाइट जली थी। आस पास में मकान बनाने के काम में लगे मजदूरों व अन्य संदिग्ध युवकों के बारे में भी स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।
पुलिस का यह अभियान करीब एक घंटे तक चला। फिलहाल पुलिस की छानबीन जारी है।
बैंक में लगेे सीसीटीवी कैमरे में नहीं दिखे चेहरे
पीएनबी के अंदर घुसे दोनो चोरों की हरकत तो बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई, लेकिन उनके चेहरे साफ नहीं दिखे।
एक तो सीसीटीवी चोरों का निशाना बनी कैश डिपॉजिट मशीन से काफी दूर लगा था, दूसरे चोरों ने चेहरा छिपाने के लिए मुंह पर रुमाल बांध रखा था। फिलहाल पुलिस को सीसीटीवी से चोरी के तरीके, चोरों के हावभाव से स्कैच तैयार करने लायक सहायता मिली है।
पुलिस को उम्मीद है कि चोरों ने बैंक से भागने के बाद मुंह से रुमाल हटाया हो और वे आस पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हों।
पुलिस चोरों के चेहरे देखने के लिए पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी की मदद ले रही है। संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
जल्द करेंगे खुलासा
पीएनबी में घुसे चोरों की तलाश कई स्तर पर की जा रही है। चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस के हाथ कुछ अहम जानकारी लगी है। उम्मीद है कि पुलिस के हाथ जल्द ही चोरों के गिरेबान तक होंगे।
-मुनेश, पुलिस चौकी प्रभारी
सुरक्षा पर देंगे ध्यान
चोरों के बड़ी आसानी से बैंक में घुसने की वारदात से बैंक अधिकारी भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है।
साथ ही बैंक की सुरक्षा के लिए कुछ अहम कदम उठाने का भी फैसला लिया गया है। इसमें बैंक में रात के समय सुरक्षा कर्मी की नियुक्ति, सीसीटीवी को ओर प्रभावी बनाने व अलार्म व्यवस्था को भी दुरुस्त करने पर काम हो रहा है।
जेएल ठक्कर, बैंक प्रबंधक
फोटो-01