फॉरेन्सिक टीम ने खून के नमूने और फिंगर प्रिंट लिए
- फोटो : ऋषभमणी त्रिपाठी
पढ़ाई के लिए डाट पड़ने से नाराज एक दसवीं के छात्र ने फंदा लगा लिया। जानकारी के अनुसार भतीजे को पढ़ने के लिए चाचा ने डाटा था। जिससे वह नाराज था। भतीजे ने रात में जब फंदा लगाया तो उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। सोमवार की सुबह जब परिवार के लोगों ने उसका शव फंदे से लटका देखा तो सहम गए। आस-पड़ोस के काफी लोग भी एकत्रित हो गए। पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना शहर पुलिस व एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए जानकारी जुटाई। फिलहाल घटना को इतफाक मानकर कार्रवाई की है।
बिहार मूल निवासी रामकंवार व उसका भाई फूलकंवार किराए के मकान में रहते हैं। दशहरे की छुट्टी पर रामकंवार अपने बच्चों के साथ अपने गांव गया हुआ है। रामकंवार का लड़का जयराम शहर के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम को उसके चाचा फूलकंवार ने पढ़ाई को लेकर उसे डाटा था। इसी को लेकर वह नाराज हो गया। रविवार की रात घर के अन्य सदस्य सो गए तो पीछे से जयराम ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। जांच अधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना के पीछे कोई और कारण तो नहीं रहे हैं इसको लेकर भी कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।