हरियाणा के झज्जर के पाटौदा गांवस्थित हनुमान मंदिर के पास नकाबपोश युवकों ने बाइक सवार दो युवकों का रास्ता रोककर उन पर चाकू, डंडों से हमला कर मोबाइल लूट लिए और उनकी बाइक की चाबी निकालकर फरार हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रेवाड़ी के गांव टहना दिपालपुर निवासी सुनील कुमार ने पुलिस मेंशिकायत दी है कि वह एडीदास वेयरहाउस हारी में एमएचई की नौकरी करता है। 13 अक्तूबर की अल सुबह चार बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म कर अपने दोस्त संदीप के साथ बाइक पर घर के लिए चले थे। कंपनी कार्यालय से करीबन दो किलोमीटर पाटौदा की तरफ चले थे।
जब वह नहर पार कर हनुमान मंदिर से निकले तो अचानक तीन नकाबपोश युवक बाइक सवारों ने अपनी बाइक को उनकी बाइक के आगे अड़ा दिया। उसमें से एक युवक उतरकर आया और हाथ में लिए डंडे से मारपीट करने लगा। तभी दूसरा युवक आया और अपने हाथ में लिए चाकू से उन दोनों के गले पर वार किया, जिससे वह दोनों घायल हो गए।
तीसरे युवक ने उनके दो मोबाइल फोन छीन लिए और अपनी बाइक से भाग गए। जाते समय आरोपी उनकी बाइक की चाबी भी साथ ले गए। उन्होंने बताया कि आरोपी रेवाड़ी क्षेत्र की भाषा बोल रहे थे। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।