हरियाणा के झज्जर में बादली के पास कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस-वे पर पुलिस ने दो गाड़ियों से 100 किलो से ज्यादा गांजा पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए गांजा की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी गांजा को उड़ीसा से लेकर आए थे और अपने-अपने जिलों में इनको सप्लाई करना था।
आरोपी हिसार, रोहतक, भिवानी और चरखीदादरी के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां चार आरोपियों को 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि बाकी चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि एंटी नार्कोटिक सेल झज्जर की टीम को सूचना मिली थी कि एक नशा तस्कर गिरोह के सदस्य भारी मात्रा में नशीला पदार्थ गांजा लिए हुए हैं। जो एक क्रेटा व एसएक्स4 गाड़ी में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ गांजा को सप्लाई करने के लिए केएमपी बादली से होते हुए रोहतक की तरफ जाएंगे।
सूचना मिलने पर पुलिस केएमपी पहुंची। टीम द्वारा बादली के पास कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी करके छोटे वाहनों पर निगाह रखनी शुरू की गई। टीम को क्रेटा गाड़ी व एसएक्स4 गाड़ी आती दिखाई दी। टीम द्वारा शक की बिनाह पर दोनों गाड़ियों को रुकवाया गया।
गाड़ियों में नशीला पदार्थ होने की सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट को मौका बारे सूचित किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतवीर सिंह नायब तहसीलदार बादली के समक्ष नियम अनुसार दोनों गाड़ियों की तलाशी ली तो एसएक्स4 गाड़ी में छिपाकर रखे गए 20 पैकेट मिले, जो अलग-अलग कट्टों में चार-चार पैकेट डाल रखे थे।
एक कट्टे का वजन 20 किलो 50 ग्राम मिला। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 5 कट्टों में बरामद गांजा का वजन किया गया तो 100 किलो 250 ग्राम पाया गया। गांजा के साथ मौका पर पकड़े गए आरोपियों की पूछताछ में पहचान कपिल निवासी थूराना जिला हिसार, सूर्यभान निवासी खेदड जिला हिसार, सचिन व मोनू निवासी उण जिला चरखी दादरी, दिनेश निवासी बावड़ी गेट भिवानी, बलजीत व मुकेश निवासी लुहारी राधू जिला हिसार तथा दीपक निवासी जसिया जिला रोहतक के तौर पर की गई।
सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से चार आरोपियों बलजीत, कपिल, सूरजभान व मुकेश को पूछताछ के लिए 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया व अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया।