हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर से सटे गांव जाखोदा में सेप्टिक टैंक की सफाई और उसमें पाइप लगाने के कार्य के दौरान हुए हादसे में गैस चढ़ने से चार लोगों की मौत हो गई। यह घटना एक-दूसरे को टैंक से निकालने की कोशिश में हुई। सभी की पहचान हो गई है। इनमें एक मकान मालिक भी शामिल है।
सभी के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने चारों शवों को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। मंगलवार को मकान मालिक दीपक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि अन्य तीन का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा।
दरअसल, जाखोदा गांव में स्थित एक मकान में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे आठ फीट गहरे सेप्टिक टैंक की सफाई और उसमें पाइप लगाने का कार्य किया जा रहा था। कार्य में उत्तर प्रदेश के झांसी के रहने वाले महेंद्र कुमार मिस्त्री (32), लेबर के रूप में सतीश (27) निवासी भनियापुर, जिला अमेठी जुटे हुए थे।
जैसे ही वे सेप्टिक टैंक के अंदर उतरे को जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया और उनकी मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए मकान का मालिक दीपक (36) भी वहां पर पहुंचा और वह भी उसकी चपेट में आ गया। दीपक बहादुरगढ़ के गांव जसोरखेड़ी का रहने वाला था।
बचाओ-बचाओ का शोर सुनकर तुरंत ही पड़ोस में रहने वाला देशराज (27) निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश भी मौके पर आया और वह भी उन्हें बचाने के लिए सेप्टिक टैंक में उतर गया। वह भी दम घुटने से मौत का शिकार हो गया।
बाद में एक अन्य युवक रोहित निवासी टांडाहेड़ी भी पहुंचा, वह भी टैंक में उन्हें बचाने के लिए उतर ही रहा था कि उसे सीढ़ी से उतरते वक्त चक्कर आ गए और उसे वहां पर मौजूद लोगों ने वापस बाहर खींच लिया। वह बेहोश जरूर हुआ, लेकिन तुरंत ही होश आ गया और उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने पहले थाना आसौदा पुलिस, एंबुलेंस और फिर फायर ब्रिगेड को दी। डीएसपी अरविंद दहिया, थाना प्रभारी जसबीर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मंगलवार को पुलिस ने मकान मालिक दीपक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि अन्य शवों तीनों का पोस्टमार्टम बुधवार को परिजनों के यहां पहुंचने के बाद होगा। पुलिस की तरफ से परिजनों को सूचना भेजी गई है। घटना के बाद नागरिक अस्पताल में भारी भीड़ जुटी रही। जिला उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह, पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम, एसडीएम अनिल यादव भी अस्पताल में पहुंचे।