दुलीना जेल में खाने के दौरान हुए झगड़े में एक विचाराधीन कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल प्रशासन घायल कैदी को कड़ी सुरक्षा के बीच झज्जर के नागरिक अस्पताल में लाया, जहां कैदी का इलाज चल रहा है।
जेल प्रशासन ने घटना की सूचना दुलीना पुलिस चौकी को दे दी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह खाने के दौरान दुलीना जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी रामकुंवार निवासी नारायणगढ़ और दो दिन पहले रेप के मामले में जेल पहुंचे विचाराधीन कैदी शमशेर सिंह निवासी दादनपुर के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
इस दौरान रामकुंवार ने शमशेर पर किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया, जिसके चलते शमशेर के मुंह पर काफी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही जेल सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग करते हुए घायल शमशेर को झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। आरोप है कि हमलावर रेप पीड़िता का बेटा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।