घाटमपुर कस्बे के घुघुवा गांव के पास बाइक सवार को बचाने के चक्कर में दो ट्रक आपस में भिड़ गए। हादसे में ट्रक के चालक और खलासी घायल हो गए। सीएचसी से दोनों को कानपुर रेफर किया गया है।
नौरंगा कस्बे में एक अन्य हादसे में रोड पार कर रही महिला को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। शनिवार की दोपहर गांव रघवा थाना कुरारा (हमीरपुर) निवासी अमित पाल (30) और खलासी राजेश यादव (27) के साथ ट्रक लेकर घाटमपुर की ओर आ रहा था। अमित ने बताया कि ट्रक के आगे डीसीएम घाटमपुर की ओर आ रही थी।
बताया कि मुगल रोड के घुघुवा नहर पुल के पास पहुंचा। तभी, बगल के रास्ते से बाइक सवार डीसीएम के आगे आ गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में डीसीएम चालक ने गाड़ी एक ओर मोड़ी दी, तभी पीछे ट्रक डीसीएम से भिड़ गया।
हादसे में ट्रक का चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकालने के बाद सीएचसी में भर्ती कराया।
डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को कानपुर रेफर किया है। इधर, एक अन्य दुर्घटना नौरंगा कसबे में हुई। कसबा निवासी भगवानदास की पत्नी महदेई (52) शनिवार की दोपहर बर्तन खरीदने जा रही थी। जैसे ही रोड पार करने लगी तभी बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी।
महदेई को सीएचसी लाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर किया है।