हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस की हिरासत में।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के झज्जर जिले के बादली क्षेत्र में एक सप्ताह पहले सड़क किनारे मिले बुपनियां के एक व्यक्ति के शव मिलने का मामला हत्या किए जाने का निकला है। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा है।
जानकारी के अनुसार 26 अगस्त की रात बुपनियां के दौलतराम पुत्र दलीप का शव सड़क किनारे मिला था। इस मामले में पुलिस ने पहले दुर्घटना का मामला का दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शुरूआत में परिजनों ने भी किसी पर हत्या का शक जाहिर नहीं किया। लेकिन बाद में शराब पीने वाले पर शक जताया गया। परिजनों ने दौलतराम की हत्या का अंदेशा जताया तो पुलिस भी हरकत में आई।
यह भी पढ़ें : Sonali Phogat: गोवा पुलिस ने सुधीर सांगवान के बैंक खाते खंगाले, प्रॉपर्टी के कारण हत्या के एंगल पर जांच जारी
वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी शरीर पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने गहनता से जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में दौलतराम के साथ बैठकर 26 अगस्त की रात शराब पीने वाले शख्स सतबीर पर शक हुआ। पुलिस ने सतबीर से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई। दरअसल मामला शराब के नशे में हुए झगड़े का निकला।
पुलिस थाना प्रभारी बाबूलाल ने बताया कि सतबीर ने पहले तो दौलतराम के साथ बैठकर शराब पी। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी झगड़े के बढने पर सतबीर ने उसके सिर में चोट मारकर हत्या कर दी। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान आए।
यह भी पढ़ें : Firing In Rohtak: राज्यपाल के जाने के बाद MDU में चली गोलियां, NSUCI के पूर्व अध्यक्ष सहित चार घायल
बाबूलाल के अनुसार सबसे पहले सतबीर से ही शक के आधार पर पूछताछ की गई तो सतबीर ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। सतबीर ने पहले दौलत राम की चोट मारकर हत्या की। जबकि बाद में शव को सड़क किनारे फेंक दिया। ताकि पूरा मामला सड़क दुर्घटना में तब्दील किया जा सके। दौलतराम के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने रात के समय तलाश की तो उसका शव जरदकपुर रोड पर मिला।
पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और शव का पोस्टमार्टम बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में करवाया गया। अब पूरे मामले का खुलासा होने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सतबीर को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है।