हरियाणा के झज्जर जिले के गांव मांडोठी में सोनीपत जिला पुलिस में कार्यरत गांव मांडोठी के निवासी एक दरोगा (ईएसआई) ने मंगलवार की शाम रिवाल्वर से अपनी बेटी व पत्नी को गोली मार दी। बेटी की मौत हो गई और पत्नी को पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही आसौदा थाना प्रभारी बाबूलाल व मांडोठी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि ईएसआई ने वारदात के बाद खुद ही पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी संत कुमार को हिरासत में ले लिया है।
गांव मांडोठी निवासी संत कुमार सोनीपत जिला पुलिस में ईएसआई के पद पर कार्यरत है। फिलहाल वह खरखोदा के निकट सैदपुर नाके पर तैनात है। मंगलवार को वह मांडोठी स्थित अपने घर पर था। शाम के समय दरोगा ने घर पर अपनी 18 वर्षीय बेटी शताक्षी को गोली मार दी।
बताया जा रहा है कि शताक्षी के सिर में से गोली पार निकल गई। इसके बाद संत कुमार ने अपनी पत्नी सरोज पर भी गोली चला दी। सरोज ने बचने की कोशिश की लेकिन उसकी बाजू में गोली लग गई। सरोज चीखती हुई घर से बाहर भागी तो पड़ोसी इकट्ठे हो गए। पड़ोसी घर में गए तो संत कुमार की बेटी फर्श पर पड़ी तड़प रही थी। पड़ोसियों ने शताक्षी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घायल सरोज को पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचाया, जहां उसकी हालत में सुधार बताया गया है।
वारदात के पीछे क्या कारण रहे इसका पता बयान दर्ज होने के बाद ही चल पाएगा। गोली सर्विस रिवाल्वर चलाई गई या फिर अन्य से यह भी जांच का विषय है। बयान दर्ज होने के बाद ही वारदात के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। -इंस्पेक्टर बाबूलाल, एसएचओ, थाना आसौदा।