तस्करी करके बिहार के रास्ते नेपाल बार्डर से भिवानी ले जाई जा रही
24 किलो 500 ग्राम चरस की खेप पुलिस ने पकड़ी है।
आरोपी अशोक निवासी रोआरी
जिला पश्चिम चंपारन, बिहार को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद
पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज
दिया गया। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही
है। बरामद चरस की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है।
डीएसपी हंसराज ने बताया कि एसआईटी झज्जर की टीम एसआई वीरेंद्र सिंह के
नेतृत्व में झज्जर बाईपास बेरी रोड के पास गश्त पर तैनात थी।
सूचना मिली कि
बिहार निवासी अशोक नशीले पदार्थो की तस्करी का धंधा करता है। वह बिहार
नेपाल बार्डर से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर अपने एक साथी गांव
बामला जिला भिवानी निवासी को सप्लाई करने जा रहा है।
पुलिस ने सूचना के बाद
नाकाबंदी कर दी। आने जाने वालों पर कड़ी निगरानी शुरू की गई। कुछ समय बाद
झज्जर शहर की तरफ से एक व्यक्ति एक बैग लिए हुए वहां पहुंचा। पूछताछ में
उसने अपना नाम अशोक निवासी रोआरी जिला पश्चिम चंपारन बिहार बताया।
कुछ देर बाद डीएसपी राजीव मौका पर पहुंचे। नियमानुसार व्यक्ति के बैग की
तलाशी ली गई तो कब्जे से 24 किलो 500 ग्राम चरस बरामद हुई। उसे चरस सहित
गिरफ्तार किया गया।