एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकालने वाला गिरोह शहर में सक्रिय है। सांखोल गांव के एक व्यक्ति के खाते से शातिर ने 42 हजार की नकदी निकाल ली। जब तक उनके फोन पर मैसेज आता और उन्हें इसके बारे में पता चलता, उससे पहले ही शातिर अपना काम पूरा कर चुका था। पीड़ित ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर धोखाधड़ी से खाते से पैसे निकालने की शिकायत दी, जिस पर जांच शुरू कर दी।
बीकॉम में पढ़ने वाला धीरज किसी काम के सिलसिले में अपने पिता के खाते की मनी स्टेटमेंट निकलवाने के लिए गया। यहां वह अपने अपने गांव के नजदीक पीएनबी के एटीएम से स्टेटमेंट निकालने का प्रयास किया, लेकिन स्टेटमेंट प्रिंट नहीं हुई। इसके बाद वह दो अन्य बैंकों के एटीएम में भी गया, लेकिन यह काम नहीं हो पाया। धीरज के अनुसार पीएनबी के एटीएम में एक लड़का मौजूद था, जिसे पैसे निकालने थे, लेकिन वह बिना पैसे निकाले ही उसके साथ चला गया। उसका आरोप है कि जब वह एक निजी बैंक के एटीएम में गया तो यहां एक महिला थी। उसका कहना है कि इन दोनों जगहों में कहीं पर उसका एटीएम बदल लिया, लेकिन उसको इसकी भनक तक नहीं लगी।
धीरज के अनुसार जब 20 हजार रुपये निकाले गए तो मोबाइल पर मैसेज आया, लेकिन उस वक्त ध्यान नहीं गया, लेकिन जब दोबारा से खाते से 20 हजार निकाले गए तो उसके बाद मिले मैसेज के बाद उन्हें आभास हुआ कि किसी शातिर ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये उड़ा लिए हैं।
यही नहीं खाते से तीसरी बार भी दो हजार रुपये जो उसमें बचे हुए थे, वे निकाल लिए गए। ऐसे में धीरज के पिता के खाते से तीन बार में 42 हजार की नकदी पर ठगों द्वारा हाथ साफ किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार सेक्टर-6 चौकी पुलिस में इस संबंध में शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक ठगों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना था कि इस मामले में संबंधित बैंकों के एटीएम केबिन की फुटेज को चेक करके पूरे मामले की जांच की जाएगी। इसमें जो भी शामिल होगा, उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई होगी।
ये हो चुकीं वारदात
गांव लडरावण के फौजी मोहन का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से चार लाख की नकदी निकाल ली थी। थाना शहर पुलिस में उसने शिकायत देकर आरोपियों को पकड़ने और रुपयों की जल्द बरामदगी किए जाने के लिए मांग भी की। पीड़ित मोहन का कहना है कि उसके खाते से एक महीने में चार लाख रुपये उड़ाए गए हैं।
कुछ रोज पूर्व झज्जर मोड़ के नजदीक एक युवक के खाते से 20 हजार तो रेलवे रोड के फ्रूट विक्रेता के खाते से एक लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए थे, लेकिन एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले गिरोह के सदस्य पुलिस पकड़ से बाहर हैं।