फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक के अंदर पॉलीथिन काट उड़ाई 80 हजार की नकदी

Sun, 20 Mar 2016 01:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला बहादुरगढ़
विज्ञापन
अपनी व्यथा बताते पीड़ित - फोटो : Bureau
विज्ञापन
स्टेट बैंक आफ इंडिया की रेलवे रोड स्थित शाखा में दस मिनट से भी कम अंतराल के बीच एक महिला के हाथ से 80 हजार रुपये की नकदी उड़ा ली गई। शातिर तरीके से किसी ने भीड़भाड़ के बीच उसके हाथ में ली पॉलीथिन को काटकर वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित महिला व उसके बेटे ने बैंक के अंदर उनके आसपास मंडराने वाले एक युवक युवती पर शक जताया है। पुलिस व बैंक अधिकारियों ने इस मामले में कई देर तक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला लेकिन कुछ भी अहम सुराग हाथ नहीं लगा।
विज्ञापन


बहादुरगढ़ से सटे दिल्ली के गांव निजामपुर गढ़ी की रहने वाली मुकेश शनिवार को अपने बेटे मोहित के साथ बाइक पर सवार होकर बहादुरगढ़ पहुंची। दोनों मां-बेटा एसबीआई की मुख्य शाखा में 80 हजार रुपये जमा करवाने के लिए चले गए। उन्होंने नकदी को एक प्लास्टिक की पालीथिन में कपड़े के साथ डाल रखे थे। उन्होंने जमा करवाने के लिए फार्म भरा और अपने नंबर के लिए यहां से टोकन नंबर तक भी लिया। मुकेश ने जब अपनी पालीथिन संभाली तो देखा कि वह कटी हुई थी और उसमें रखी 80 हजार की नकदी भी गायब थी। उन्होंने तुरंत शोर मचाया तो बैंक के अंदर लोगों की भीड़ भी जुट गई। बैंक के अधिकारी व सुरक्षाकर्मी भी उनके पास पहुंचे।

पूरे मामले को लेकर जानकारी जुटाई। बाद में पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना शहर प्रभारी अशोक कुमार अपनी टीम के साथ यहां जांच करने के लिए पहुंचे। पुलिस ने यहां के मुख्य प्रबंधक के आफिस में लगे सीसीटीवी कंट्रोल रूम से पूरी जानकारी जुटाते हुए फुटेज खंगाली। इसमें दिखाई दे रहा था कि जब उक्त महिला रुपये जमा करवाने के लिए फार्म भर रही थी तो उसके आसपास एक युवती व युवक इधर-उधर घूम रहे थे। महिला ने पूरी शंका जताई कि उन्होंने ही शातिर ढंग से उसकी पालीथिन को काटकर नकदी पर हाथ साफ किया है। बैंक के डिप्टी चीफ मैनेजर एसपी गुप्ता का कहना है कि पुलिस ने उनसे जो फुटेज मांगी वह उपलब्ध करा दी। सुरक्षा को लेकर बैंक में पूरा ध्यान रहता है। पुलिस जांच में बैंक की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
विज्ञापन


पति के वेतन की थी राशि
मुकेश ने बताया कि उसका पति दिल्ली एमसीडी में बेलदार के पद पर कार्यरत है। पिछले कई माह से उनका वेतन अटका हुआ था। अभी तीन माह का वेतन उन्हें मिला था। वेतन की राशि को जमा करवाने के लिए वह अपने बेटे मोहित के साथ बैंक में आई थी। उन्होंने बताया कि उसके पास जो 80 हजार रुपये थे वे सभी एक हजार के नोट थे।

कपड़े में रखे थे रुपये
पालीथिन में रखे कपड़े के बीच में उक्त नोटों को रखा हुआ था ताकि किसी को बाहर से रुपये न दिखाई दे। जमा करवाने के लिए उन्होंने बैंक के अंदर से टोकन नंबर भी लिया था। जिस वक्त उसने फार्म भरा, उस समय पालीथिन को कंधे के नीचे हाथ से दबा रखा था। ऐसे में अंदेशा है कि इसी बीच यह घटना हुई है।

कुछ मिनटों में हुई वारदात
बैंक में महिला व उसका बेटा करीब दस बजकर 40 मिनट के आसपास प्रवेश करते हैं। इसके बाद वे सीधे वहां पहुंचते हैं जहां रुपये निकालने व जमा करवाने के लिए 10 बजकर 46 मिनट पर काउंटर से फार्म लिया और उसके बाद भरने लगे। इसके पांच-छह मिनट के बाद ही जब उन्होंने अपने पैसों को संभाला तो वे गायब मिले। ऐसे में यह वारदात चंद मिनटों के अंतराल में ही शातिराना ढंग से अंजाम दी गई है। जिन पर शक जताया जा रहा है उनमें युवती ने सफेद रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है तो युवक ने पीले रंग की कमीज व आसमानी रंग की जींस।

वारदात को लेकर सुराग लगाने व कुछ अन्य जानकारी जुटाने के लिए बैंक से सीसीटीवी फुटेज को लिया गया है। इसके आधार पर ही पूरी जांच की जा रही है। यही नहीं कई अन्य पहलुओं को लेकर भी पता किया जा रहा है। जिस युवक-युवती पर शक जताया गया है उनके बारे में कुछ पता नहीं लग पाया है। जल्द ही मामले को सुलझाने का प्रयास रहेगा।
विज्ञापन

-अशोक कुमार, थाना शहर प्रबंधक, बहादुरगढ़।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें