हरियाणा के बहादुरगढ़ में पुलिस हिरासत के दौरान सहायक उप निरीक्षक पर लोहे की जाली से हमला कर भागे 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोपी कुबेर इंक्लेव निवासी अमित को पुलिस ने कैथल से धर दबोचा। सेक्टर-6 थाना पुलिस व सीआईए की टीमों ने उसे कैथल में उसके दोस्त के घर से पकड़ा।
बता दें कि शहर के एक बैटरी व्यवसायी से कुछ दिनों पहले एक शख्स ने फोन कर 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। रकम झज्जर जेल में बंद बदमाश गंजा का हवाला देकर मांगी गई थी। व्यवसायी की शिकायत के आधार पर सेक्टर-6 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने और न देने पर जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया था।
इस मामले में पुलिस ने 23 मार्च को आरोपी अमित को गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस को उससे वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद करने के साथ ही इसमें शामिल अन्य बदमाशों का पता लगाना था, लेकिन वह पुलिस को बार-बार गुमराह करता रहा।
उसे 24 मार्च की शाम को पुराने कोर्ट परिसर में स्थित अपराध जांच शाखा ले जाया गया था। मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक प्रीतम के साथ कुछ अन्य पुलिसकर्मी उसे सरकारी गाड़ी से उतार ही रहे थे कि तभी वह सहायक उप निरीक्षक को धक्का देकर भाग गया।
पुलिसकर्मी भी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़े तो आरोपी एक कॉलोनी के निर्माणाधीन मकान में घुस गया। जहां सहायक उप निरीक्षक प्रीतम ने उसे पकड़ा तो उसने लोहे की जाली से उस पर हमला कर दिया था। इसमें जांच अधिकारी प्रीतम घायल हो गए थे। आरोपी वहां से भाग निकला था।
सेक्टर-6 थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। पुलिस टीमों को पता चला कि आरोपी अमित कैथल में अपने दोस्त के यहां छिपा हुआ है। इस पर पुलिस टीमों ने कैथल में दबिश दी।
आरोपी को वहां से धर दबोचा। सेक्टर-6 थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी अमित को कैथल से गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।