कलानौर मार्ग पर ढाणा मोड़ के पास वीरवार रात करीब दो बजे शादी समारोह में शरीक होकर घर लौट रहे कुछ दोस्तों की कार तूड़े से भरी एक ट्राली से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और पांच युवक घायल हो गए। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही बेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार में सवार सभी युवकों को झज्जर के किसी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। इसमें एक युवक ने दम तोड़ दिया और बाकी घायलों का इलाज कराया गया। गांव बापौड़ा जिला भिवानी निवासी अजीत मानेसर स्थित एक कंपनी में नौकरी करता हैैै।
अजीत की शादी में शामिल होने के लिए उसके दोस्त उकलाना निवासी हरीश, सन्नी निवासी भापड़ौदा, अमित निवासी रोहिणी, देवदत्त खेड़की दोला गुरूग्राम, हिमांशु निवासी रूड़की हरिद्वार, सुनील निवासी मोखरा कार चालक वीरवार रात को गए थे। समारोह में मानेसर जाते समय जब वह बेरी-कलनौर मार्ग पर ढाणा मोड़ के पास पहुंचे तो कार तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इसमें सभी गंभीर रूप से घायल हो गए और घायलों को राहगीरों की मदद से झज्जर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर हरीश ने दम तोड़ दिया। वहीं सन्नी, अमित, देवदत्त, हिमांशु उपचाराधीन हैं। पुलिस ने मृतक के शव का अपने कब्जे में लेकर शुक्रवार को सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया।
वीरवार रात को करीब दो बजे कार की टक्कर तूड़ी ट्राली से होने की सूचना मिली थी। सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और कार में सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक का झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। कार में सवार सन्नी की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है और जल्द ही ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। -मुरारी लाल, इंचार्ज, बेरी चौकी शहर।