झज्जर। गांव बहराणा के सांपला-बेरी रोड स्थित एक फैक्टरी में काम करते समय लोहे का गाटर गिरने से दो श्रमिक की मौत के मामले में पुलिस ने फैक्टरी मालिक व प्रंबधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल में दोनों श्रमिकों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को बहराणा के सांपला-बेरी रोड स्थित गार्नियर लीनियर एंड डेकोर कंपनी में रविवार को श्रमिक काम कर रहे थे। इसी बीच दो श्रमिक गैस वेल्डिंग का काम कर रहे थे कि अचानक एक लोहे का गाटर नीचे आ गिरा। इससे दोनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे श्रमिकों ने जब वहां जाकर देखा तो दोनों श्रमिक खून से लथपथ पड़े हुए थे। दोनों को गंभीर चोटें आई थी। दोनों को श्रमिकों ने संभाला और उपचार के लिए बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर में लेकर आये। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच में दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की पहचान 35 वर्षीय घनश्याम व 40 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई। दोनों शवों को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया। दोनों का पोस्टमार्टम सोमवार की सुबह परिजनों को उपस्थिति में करवाया गया। बताया जा रहा है कि श्रमिक घनश्याम पिछले 5 साल से इसी कंपनी में काम करता था ओर राजकुमार पिछले करीब एक माह पहले ही कंपनी में आया था।
बहराणा के सांपला-बेरी रोड स्थित एक फैक्टरी में काम करते समय लोहे का गाटर गिरने से दो श्रमिक की मौत हो गई थी। परिजनों के बयान पर फैक्टरी मालिक व प्रबंधक के खिलाफ लापरवाही बरतने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और सोमवार को बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल में दोनों श्रमिकों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
विनोद कुमार, डीघल चौकी इंचार्ज।