अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी/बौंदकलां। रोहतक मुख्यमार्ग पर गांव सांवड़ के समीप बुधवार दोपहर एक कार और बाइक की आमने-सामने की भिंड़त हो गई। घटना में बाइक सवार महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायल दंपति और उनके बेटे को गंभीर चोटों के कारण पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। वहीं, बौंदकलां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल परिवार सोनीपत के गांव शामड़ी का रहने वाला है। कलियाणा गांव में पीर की मजार पर मत्था टेकने आ रहे थे लेकिन बीच रास्ते में ही हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार सोनीपत के गांव शामड़ी निवासी प्रकाश बुधवार सुबह अपनी पत्नी सुशीला और बेटे सुरेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर दादरी के गांव कलियाणा आने के लिए चला था। प्रकाश नियमित अंतराल पर पीर की मजार पर परिवार सहित आता था। दोपहर करीब 12 बजे जब वे गांव सांवड़ के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही स्विफ्ट कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। हादसे में कार और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद राहगीरों ने उन्हें संभाला और कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी। घायलों को उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल लाया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखकर प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही बौंदकलां थाना पुलिस भी दादरी सिविल अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने बताया कि घायलों के फिलहाल बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।