अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
गांव सौंफ से आठ दिन पहले लापता हुए मंदबुद्धि युवक का शव वीरवार को गांव के जोहड़ से बरामद हुआ है। बौंदकलां थाने में परिजनों ने उसकी गुमशुदगी का केस दर्ज कराया था। वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने मृतक युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक विजय कुमार के पिता बलवान ने गत 20 मार्च को बौंदकलां थाने में शिकायत सौंपी थी। बलवान ने बताया था कि गत 14 मार्च की रात करीब नौ बजे उसका 25 वर्षीय बेटा विजय कुमार घर से निकल गया। बलवान ने बताया कि उसकी मानसिक हालत सही नहीं थी। पुलिस शिकायत में बलवान ने बताया कि विजय को वो अपनी सभी रिश्तेदारी और गांव में तलाश कर चुके हैं लेकिन कहीं भेद नहीं लग पाया। पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। वहीं, वीरवार को विजय का शव गांव के जोहड़ में मिला। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही मृतक युवक का दाह संस्कार कर दिया गया था। इस बारे में जांच अधिकारी एएसआई राजकुमार ने बताया कि पुलिस जब गांव में पहुंची तो तब तक युवक का अंतिम संस्कार किया जा चुका था। मृतक के परिजनों ने पुलिस को कोई भी शिकायत नहीं दी है। पहले मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया था।