ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार कर प्रेमनगर और राजपुर क्षेत्र में हुई आठ चोरियों का खुलासा किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। आरोपियों की रिमांड के लिए पुलिस ने न्यायालय में प्रार्थना-पत्र दिया है।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि तीनों आरोपी एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य हैं। तीनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं। इन आरोपियों पर दिल्ली में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। रविवार रात को पुलिस टीम ने सूखी नदी के पास से तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया था। तलाशी और पूछताछ के बाद तीनों ने एक चोर गिरोह के सदस्य होने की बात कुबूली। आरोपियों की पहचान राजेंद्र निवासी जेसे कैंट सूरज फाटक ए ब्लॉक, बाबूल निवासी जहांगीर पुरी और सुशील निवासी बादलीपुर दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपियों ने इसी माह प्रेमनगर क्षेत्र के विंग नंबर तीन और छह में पांच चोरियां की थीं। इसके अलावा राजपुर क्षेत्र के तीन घरों में चोरी की बात कुबूली है। आरोपियों की निशानदेही पर खुखरी, कई नग सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रेमनगर मुकेश त्यागी, एसओजी प्रभारी पीडी भट्ट, दारोगा कमल सिंह रावत, गुमान सिंह नगी, प्रवीण सैनी, एसओजी सिपाही विपिन, पंकज, मुस्तफा जैदी, सुनिल मलिक अरविंद, अमित और राजकुमार शामिल रहे।