अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
बाईपास के बेरी मोड़ पर वैगनआर कार चालक की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में मृतक की पत्नी ने नया खुलासा किया है। बेरी निवासी मृतक सुनील की पत्नी सुमन ने पुलिस को दिए ब्यान में बताया है कि हमले के बाद गंभीर रूप से घायल उसके पति को अस्पताल पहुंचाने वाली महिला प्रमिला ने ही उसके पति की हत्या करवाई है। आरोप लगाया कि प्रमिला उसके पति पर शादी का दबाव बना रही थी। जब उसके पति ने शादी करने से मना किया तो प्रमिला ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। मृतक सुनील की पत्नी सुमन ने यह भी खुुलासा किया है कि घटना के समय रायपुर निवासी प्रमिला कार में मौजूद थी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी प्रमिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
घर से फोन आया तो बताया एक्सीडेंट
मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि उसने शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अपनी पति सुनील के नंबर पर फोन किया था। फोन रायपुर निवासी प्रमिला ने उठाया। जब उसने अपने पति के बारे में पूछा तो प्रमिला ने बताया कि उसके पति सुनील का एक्सीडेंट हो गया है और वह उसे पीजीआई लेकर जा रही है। जिसके बाद सुमन अपने परिजनों के साथ पीजीआई पहुंची तो प्रमिला वहां नहीं मिली। जब उसने प्रमिला को फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला।
नहीं रहा पत्नी सुमन और बेटी खुशी का सहारा
मृतक सुनील के अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जिसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं, मृतक सुनील की एक तीन वर्षीय बेटी खुशी ही है। सुनील की हत्या हो जाने के बाद अब परिवार में सुमन व खुशी का सहारा बनने वाला कोई नहीं बचा है। सुमन के अनुसार उसका पति सुनील ओला कंपनी में कार चलाता था। जो अक्सर गुड़गांव से बेरी आता-जाता रहता था।
आरोपी खुद को बता रही थी बहन
खून से लथपथ हुए सुनील को लेकर जब आरोपी प्रमिला सामान्य अस्पताल में पहुंची थी तो वहां पर वह स्वयं को सुनील की बहन बता रही था। अस्पताल स्टाफ और मीडिया कर्मियों को भी उसने सुनील की बहन बताया था। जब सुनील को पीजीआई रेफर किया गया था तो भी प्रमिला उसके साथ ही गई थी। जिसका खुलासा प्रमिला ने भी खुद ही मृतक सुनील की पतनी सुमन के साथ फोन पर हुई बातचीत में किया है।
वर्जन
मृतक सुनील की पत्नी सुमन की शिकायत पर रायपुर निवासी प्रमिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रमिला की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रमिला की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी तरह से मामले का खुलासा हो पाएगा।
- राजेश कुमार, सिटी चौकी इंचार्ज, झज्जर।
- शादी के लिए दबाव बना रही थी प्रमिला, मना करने पर करवाई हत्या
- आरोप, फोन कर आरोपी ने बताया एक्सीडेंट, फिर फोन स्विच ऑफ कर हुई पीजीआई से फरार
- पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ किया हत्या का मामला दर्ज