अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
सोमवार की रात गांव कानोन्दा में ट्रक की चपेट में आने से छह गोवंश की मौत हो गई और कुछ घायल हो गए। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने ट्रक चालक पर दुर्भावनापूर्वक कुचलकर गोवंश को मारने का आरोप लगाया है। हालात न बिगड़ें, इसलिए सदर थाने में मंगलवार को काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
सोनीपत की ओर से बहादुरगढ़ की तरफ आ रहा एक ट्रक सोमवार रात करीब 12 बजे गांव कानोन्दा में अड्डे के पास पहुंचा। यहां सड़क किनारे कुछ गोवंश बैठे हुए थे। आरोप है कि ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए गोवंश पर ट्रक चढ़ा दिया। ट्रक एक के बाद एक आधा दर्जन से अधिक गोवंश को कुचलता हुआ चला गया। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उन्होंने ट्रक को रुकवाया और चालक को पकड़ लिया। इस घटना में 6 गोवंश की मौके पर मौत हो गई तो कुछ छटपटा रहे थे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। लोगों में रोष बढ़ गया। लोगों के आक्रोष को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के उचित कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस की एक टीम आरोपी को अपने साथ थाने ले गई। दूसरी टीम ने गांव कानोन्दा स्थित पशु अस्पताल में मृतक गोवंश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि घायल गोवंश को गांव सांखोल में उपचार के लिए भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी चालक की पहचान शौकीन निवासी बागपत (यूपी) के तौर पर हुई है। गांव कानोन्दा के सरपंच अशोक कुमार की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपी को दंड नहीं मिला तो आंदोलन होगा
इस घटना पर गांव कानोन्दा के लोगों व इलाके के गोभक्तों ने दु:ख जताया है। लोगों का कहना है कि यदि दुर्घटना होती तो एक या दो गोवंश की मौत होती। मगर चालक दुर्भावना से लगातार गोवंश को रौंदता चला गया। ग्रामीण रामहेर व देवेंद्र ने कहा कि चालक ने बेहद घिनौना कृत्य किया है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। संत गोपालदास के सहयोगी एवं गोरक्षा सेना बहादुरगढ़ के अध्यक्ष नवीन दलाल ने कहा कि यह एक्सीडेंट नहीं, बल्कि जानबूझ कर गोवंश की हत्या की गई है। पुलिस भी इसे दुर्घटना दिखाकर केस को हल्का कर रही है। गोवंश की हत्या पर चुप नहीं बैठेंगे। यदि आरोपी को उपयुक्त दंड नहीं मिला, तो बहादुरगढ़ में बड़ा आंदोलन होगा।
उधर, सदर थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी चालक को काबू कर लिया गया है। ग्राम सरपंच की शिकायत पर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मंगलवार की दोपहर कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
- गोभक्तों में रोष, चालक पर दुर्भावनापूर्वक कुचलने का आरोप
- हालात काबू में रखने के लिए पुलिस बल तैनात