चरखी दादरी। कालेज रोड पर ओवरलोड वाहनों की जांच करने पहुंची आरटीए स्टाफ की गाड़ी से एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक और दो किशोर घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिटी थाना पुलिस ने मौके पर खड़ी गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार समसपुर निवासी रोहित (16), अमित (16) व अंकित (19) बाइक से दादरी आए थे। कालेज रोड पर आरटीए टीम ओवरलोड वाहनों की जांच कर रही थी। घायल अमित ने बताया कि बाइक अंकित चला रहा था, जबकि वो दोनों पीछे बैठे थे। उसने बताया कि वो अंकित के भाई को पेपर दिलाने दादरी आए थे। जब वो ढाणी फाटक ओवरब्रिज से उतरकर जनता कालेज की तरफ आगे बढ़े तो सड़क किनारे खड़ी गाड़ी चालक ने अचानक चला दी। इसके चलते गाड़ी उनकी बाइक से टकरा गई और वो तीनों सड़क पर जा गिरे। घटना में उनकी बाइक गाड़ी के टायर के नीचे आने से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। मामले की सूचना पाकर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, घायलों को उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने आरटीए स्टाफ की गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी सिविल अस्पताल पहुंचे। सोमवार शाम करीब पांच बजे तक घायलों के पुलिस बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। सिटी थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल से सूचना आते ही घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे और इसके बाद पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।