अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर के हरी नगर निवासी एक व्यक्ति से फोन पर स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर एटीएम संबंधी जानकारी ले खाते से सवा लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गुलाब सैनी ने बताया कि उसका बैंक ऑफ आंध्रा में खाता है। गत 20-24 अगस्त के बीच दो अज्ञात नंबरों से लगातार उसके पास फोन खुद को बैंक का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने फोन कर एटीएम कार्ड बंद होने के बारे में कहा। जिसे फिर से शुरू करने के लिए एटीएम का कोड और खाते संबंधी अन्य जानकारी जुटा ली। इतना ही नहीं शातिर ने बातों में उलझाकर उससे फोन पर आया ओटीपी भी ले लिया। पीड़ित का आरोप है कि शातिर ने उसके खाते से एक लाख 25 हजार 288 रुपये निकाल लिए। जब वह बैंक में गया तो उसे इस ठगी का अहसास हुआ। सेक्टर-9 चौकी प्रभारी एसआई दलबीर राव ने बताया कि जिन दो नंबरों से फोन आया था। उनका रिकार्ड चेक किया जा रहा है। जिसके जरिये शातिर युवक तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।