बहादुरगढ़। गांव मातन में रविवार की रात एक मकान में चोरी हो गई। चोर यहां से सोने-चांदी के आभूषण और 65 हजार रुपये चुरा ले गए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मातन निवासी ललित ने कहा है कि रविवार की शाम को वह और उसकी पत्नी मकान की छत पर सो रहे थे। माता-पिता नीचे बाहर वाले कमरे में थे। इसी रात कोई अज्ञात उनके घर में घुस गया और नकदी व आभूषणों पर हाथ साफ कर गया। सोमवार की सुबह करीब पांच बजे उसकी पत्नी चाय बनाने के लिए नीचे गई तो कमरे में सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इसके बाद हमने घर में जांच की तो संदूक के भीतर से 1 सोने की अंगूठी, 3 चांदी की अंगूठी, सोने की चेन, चांदी का पायल, हाथफूल, तागड़ी, मंगलसूत्र, चांदी की चेन और 65 हजार रुपये की नकदी गायब थी। पुलिस जल्द से जल्द चोर को गिरफ्तार कर उनका सामान बरामद करे। उधर, मांडोठी चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।