संदिग्ध हालात में खेत के नाले में मृत मिला किसान
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव साहूवास निवासी एक किसान का शव शनिवार देर रात खेत में बने नाले में मिला। सदर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर देर रात ही सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। रविवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई होगी।
जानकारी के अनुसार गांव साहूवास निवासी चंद्रभान (38) शनिवार शाम अपने घर से खेत में जाने का नाम लेकर निकला था। करीब तीन घंटे बाद भी चंद्रभान जब वापिस घर नहीं लौटा तो परिजन उसे तलाशने खेत में पहुंचे। इस दौरान परिजनों को वह अचेत अवस्था में मिला। इसके तुरंत बाद परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। रविवार सुबह मृतक के भाई चांदवीर के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रघवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर 174 सीपीआरसी की कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।