अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पंजाब से अवैध रूप से ट्रक में गुरुग्राम ले जाई जा रही शराब समेत तीन लोगों को सीआईए ने गिरफ्तार किया है। सीआईए इंचार्ज ललित कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शराब तस्करी कर गुरुग्राम पहुंचाई जा रही है। इस पर उनके व मुख्य सिपाही मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम तैयार की गई। टीम में सिपाही बलराज , सिपाही राजकर्ण, आशीष व सिपाही कृष्ण कुमार शामिल थे।
सूचना के अनुसार टीम ने ग्रुरुग्राम रोड स्थित बाईपास पर नाका लगा दिया। इसी दौरान गुरुग्राम की तरफ मुड़े एक ट्रक को शक के आधार पर रोका गया। टीम ने जब ट्रक के कागजात मांगे तो चालक ने फर्जी परमिट बिल व बिल्टी पेश की। इस दौरान पुलिस ने पूछताछ की तो ट्रक में सवार तीनों लोग कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने जब ट्रक को खुलवा कर जांच की तो उसमें 1250 पेटी पव्वा अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान विनोद निवासी गांव कथूरा जिला सोनीपत, श्रीराम निवासी गांधीनगर नकुड जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश तथा निर्भय उर्फ राजू निवासी प्रीतमपुरा दिल्ली के तौर पर की हुई। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।
---
फर्जी बिल के सहारे कर रहे थे तस्करी : सीआईए प्रभारी
सीआईए प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी करके धोखाधड़ी से फर्जी बिल व बिल्टी तैयार करके बिना किसी लाइसेंस व परमिट के ट्रक से शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को ट्रक समेत काबू कर थाना झज्जर में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।