चरखी दादरी। अपराध शाखा टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हिंडोल मोड़ से एक व्यक्ति को 315 बोर की देसी पिस्टल सहित काबू किया है। आरोपी के खिलाफ बौंदकलां पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मंगलवार सुबह उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि अपराध शाखा के सहायक उप निरीक्षक कर्मवीर को गुप्त सूचना मिली थी कि बौंद खुर्द में हिंडोल मोड़ के पास एक शख्स अवैध हथियार लिए घूम रहा है। इस आधार पर उन्होंने अपनी टीम सहित वहां दबिश दी और संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे युवक को काबू कर लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर की देसी पिस्टल मिली। आरोपी से पूछताछ में उसकी पहचान केरू निवासी मदन उर्फ छांगा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और उसके खिलाफ बौंदकलां थाने में केस दर्ज किया गया।