-भागते समय बाइक का संतुलन बिगड़ा तो पुलिस पर किए फायर, भागने में रहे नाकाम
-प्रारंभिक पूछताछ में मर्डर सहित तीन वारदातों का किया खुलासा
-चार पिस्टल और 20 कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
खुंगाई से सुर्खपुर होते हुए शहर झज्जर की ओर आ रहे मंजीत महाल गैंग के चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ पुलिस पर फायर करने का मामला दर्ज किया गया है। चारों बदमाशों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जिले में एसटीएफ गठन के बाद किसी गैंग के बदमाशों को पकड़ने की यह पहली कामयाबी है।
एसटीएफ में तैनात निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चार बदमाश सुर्खपुर की तरफ से एक बाइक पर सवार होकर झज्जर शहर की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर तुरंत उनकी दो टीमों ने सुर्खपुर रोड पर नाकेबंदी करते हुए वाहनों की जांच की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर चार युवक आए। जब पुलिस टीम ने रुकवाने का इशारा किया तो बाइक पुलिसकर्मियों की तरफ कर दिया। इसी दौरान बाइक पर सवार एक बदमाश ने फायर कर दिया और चारों नाका तोड़कर झज्जर बाईपास की तरफ भाग गए। पुलिस ने उकना पीछा किया सेक्टर-9 झज्जर में संतुलन बिगड़ने से चारों बदमाश मोटरसाइकिल से गिर गए और पुलिस पार्टी पर फायर करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फिर से फायर किए। लेकिन पुलिस टीम ने इनको घेरकर लिया और गिरफ्तार कर लिया।
ये बदमाश किए गए काबू
पकड़े गए चारों बदमाशों ने पूछताछ में अपनी पहचान सचिन निवासी गांव दादनपुर, दीपक निवासी गांव खरहर, अभिषेक उर्फ मोटा निवासी बहादुरगढ़ और उत्तम निवासी गांव मलिकपुर जिला झज्जर के रूप में हुई है। बदमाशों की मौके पर तलाशी ली गई तो चारों के कब्जे से चार पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए गए। बदमाशों के कब्जे से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। काबू किए गए चारों बदमाशों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए थाना झज्जर में केस दर्ज किया गया है।
एसटीएफ टीम में ये रहे शामिल
एसटीएफ में तैनात निरीक्षक सतीश कुमार की टीम में मुख्य सिपाही मुकेश कुमार, सिपाही सोमवीर, सिपाही प्रमोद, अमरजीत व सरकारी गाड़ी सहित चालक मुख्य सिपाही लोकेश कुमार तथा निरीक्षक सुरेंद्र कुमार की टीम में सहायक उपनिरीक्षक पवनवीर, मुख्य सिपाही मनोज कुमार व गोरखा, सिपाही सुनील कुमार , प्रदीप व सरकारी गाड़ी के चालक सिपाही हिम्मत सिंह शामिल रहे।
मर्डर सहित तीन वारदातों का खुलासा
मुठभेड़ के बाद हथियारों सहित पकड़े गए चारों बदमाशों ने प्राथमिक पूछताछ गैंगस्टर मनजीत उर्फ महाल गिरोह के सदस्य होने का खुलासा किया। चारों बदमाशों ने हत्या सहित तीन आपराधिक वारदात कबूली हैं। बदमाशों ने खुलासा किया कि उन्होंने कंझावला दिल्ली के इलाके से 15 नवंबर 2017 को एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। इसी तरह 11 जनवरी 2018 को दिल्ली नजफगढ़ निवासी दीपक पुत्र चांद की हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं अगस्त 2015 में उन्होंने धर्मेंद्र पुत्र ईश्वर सिंह निवासी गांव खरहर की हत्या करने के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया था। निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अवैध हथियारों सहित मुठभेड़ के बाद पकड़े गए चारों बदमाशों को सोमवार को अदालत झज्जर में पेश किया जाएगा।
फोटो संख्या-11